Ajay Rai: अयोध्या के एक गेस्टहाउस में खुद को नजरबंद किए जाने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत की। इस बातचीत में राय ने कहा कि उन्हें प्रताड़ित और भगवान राम के दर्शन करने से रोका जा रहा है। राय ने कहा कि इस मामले को दबाने की कोशिश की गई है। आठ लोगों जो कि साधारण कर्मचारी है, उन पर केस दर्ज कर जेल में डाला गया है। कांग्रेस नेता ने पूछा कि इन आठों कर्मचारियों को न्यायिक हिरासत में क्यों भेजा गया है? इन्हें पुलिस की हिरासत में क्यों नहीं भेजा गया? राय ने आरोप लगाते हुए कहा कि नृपेंद्र मिश्र, चंपत राय गोविंद गिरि और अनिल मिश्र के इशारे पर कर्मचारियों ने चढ़ावे की चोरी की। इस मामले में बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।
सरकार को डर है बड़े नाम आ जाएंगे सामने-राय
राय ने कहा कि सरकार को लगता है कि पुलिस की पूछताछ में ये कर्मचारी बड़े लोगों के नाम उगल सकते हैं। राय ने कहा कि पुलिस द्वारा जाने के बावजूद वह रुकेंगे नहीं चाहे इसके लिए उन्हें जेल ही क्यों न जाना पड़े। वह राम मंदिर जाकर रहेंगे। वहीं, अजय राय की पत्नी रीना राय ने भाजपा पर अपने पति की आवाज दबाने का आरोप लगाया। अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि एक हिंदू को प्रभु श्री राम के दर्शन करने से रोका जा रहा है।
विपक्ष की आवाज दबा रही सरकार-कांग्रेस
राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के अयोध्या दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। अजय राय कांग्रेस के सांसदों और विधायकों के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के लिए अयोध्या पहुंचे थे। इसी दौरान प्रशासन ने उन्हें नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
'चढ़ावा चोरों' के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई- रीना राय
अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया कि उनके पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार हर सीमा पार करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पुलिस अजय राय को जीप में बैठाकर ले गई और अब पार्टी के सहयोगियों को गलत जानकारी देकर गुमराह किया जा रहा है। रीना राय ने कहा कि "हमारी लड़ाई 'चढ़ावा चोरों' के खिलाफ जारी रहेगी। अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।"
