पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने एक बार फिर TMC पर दावा ठोका है। उन्होंने आज दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) से मुलाकात की। चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर अपनी बात दोहराई। उन्होंने कहा, 'हम ही असली TMC हैं, हमारे पास दो तिहाई से ज्यादा समर्थन है।' उन्होंने कहा कि ज्यादातर विधायक, काउंसलर, जिला परिषद हमारे साथ हैं।
ऋतब्रत ने कहा, '22 जून को ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का एक विशेष अधिवेशन हुआ था। इस अधिवेशन के तुरंत बाद हमने भारत निर्वाचन आयोग को एक चिट्ठी दी थी और कोलकाता में चुनाव आयोग से मुलाकात भी की थी। उस समय हमने भारत निर्वाचन आयोग से अपॉइनमेंट भी मांगा था।'
ऋतब्रत ने कहा मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों ने हमारी बात को शांति से सुना। हमने उनके सामने अपनी बात को विस्तार से रखा। अब उम्मीद है कि चुनाव आयोग हमें जल्द ही जवाब देगा। पुलिस टीम का कहना है कि वह हमारे दावे की जांच करेगी।
ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहीं ममता बनर्जी भी अपने चुनाव क्षेत्र से हार गईं। इस चुनाव में भाजपा को 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत मिला और तृणमूल कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई।
चुनाव में हार के बाद से ही तृणमूल कांग्रेस में फूट दिखने लगी थी। पार्टी के कई विधायक और नेता बागी हो गए। राज्य में बागी विधायकों ने एक अलग गुट बना लिया और विधानसभा से उन्हें मुख्य विपक्षी दल का दर्जा भी मिल गया। इसके साथ ही इसी गुट का समर्थन करते हुए कई राज्यसभा सांसद और लोकसभा सांसदों ने भी पार्टी से बगावत कर दी।
हालांकि, ज्यादातर बागी विधायकों और सांसदों का गुस्सा अभिषेक बनर्जी को लेकर ही दिखता है। किसी ने भी ममता बनर्जी के खिलाफ कुछ नहीं बोला है। बागियों ने अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
