शहर

UP Assembly Elections 2027: भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को बताया फर्जी, कहा- अभी शुरू नहीं हुई टिकट चयन की प्रक्रिया

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार होने की खबरों को फर्जी बताया है। भाजपा ने इसे लेकर जारी बयान में कहा है कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।

Image

भाजपा ने जारी किया स्पष्टीकरण।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जहां सियासी सरगर्मी तेज है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार किए जाने और उसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजे जाने की खबरों पर पार्टी ने सफाई दी है। भाजपा ने इन खबरों को पूरी तरह गलत, निराधार और मनगढ़ंत बताया है। पार्टी का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से न तो ऐसी कोई सूची बनाई गई है और न ही उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है।

इसे लेकर यूपी भाजपा ने एक बयान जारी की गई। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर हैं। बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थाओं के जरिए 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार होने की खबर प्रसारित की जा रही है। पार्टी ने इसका खंडन करते हुए कहा कि यह दावा पूरी तरह असत्य है।

अभी शुरू नहीं हुई प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया

भाजपा ने अपने बयान में साफ किया कि पार्टी में विधानसभा या किसी अन्य चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की एक निर्धारित संगठनात्मक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। यह प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाती है। फिलहाल आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है। भाजपा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से इस तरह की कोई सूची तैयार नहीं की गई और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। ऐसे में 209 उम्मीदवारों के नाम तय होने का दावा भ्रामक है।

कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने की कोशिश का आरोप

इस बयान में भाजपा ने इस तरह की खबरों को सोची-समझी साजिश करार दिया है। पार्टी का कहना है कि कुछ तत्वों की ओर से मनगढ़ंत सूचनाएं फैलाकर उसके निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही भाजपा ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली खबरों पर भरोसा न करें।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article