दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के खुलने का इंतजार लोगों को कई वर्षों से था। इस साल आखिरकार दिल्ली और देहरादून को जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे को आम जनता के लिए खोल भी दिया गया। मैंने स्वयं भी Delhi Dehradun Expressway पर सफर किया है और 210 किमी की यह दूरी मात्र ढाई घंटे में पूरी हो जाती है। यह एक्सप्रेसवे लोगों के लिए बड़ी राहत है और उन्हें रफ्तार देती है। लेकिन अब इस एक्सप्रेसवे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं।
देश में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस (INC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट किया है। यह वीडियो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का बताया जा रहा है। हालांकि, Times now navbharat में हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। इस वीडियो के साथ कांग्रेस के X हैंडल पर पोस्ट भी लिखी गई है, जिसमें कहा गया है कि 'नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। लेकिन 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे में 2 महीने बाद ही बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। ये दिखाता है कि इस एक्सप्रेसवे को बनाने में जमकर भ्रष्टाचार और पैसों का बंदरबांट किया गया है। ये पहला ऐसा मामला नहीं है, पूरे देश में पुल हों या सड़क, हाईवे या पानी की टंकी, रेलवे स्टेशन हो या एयरपोर्ट की छत- हर ओर इंफ्रास्ट्रक्चर ढह रहा है। कुल मिलाकर बात साफ है कि मोदी सरकार देश और जनता के लिए घातक है।'

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गड्ढों से छतिग्रस्त हुई गाड़ी
कांग्रेस ने इस X पोस्ट के जरिए राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। INC ने इस मामले को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने ये वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि एक्सप्रेसवे पर गड्ढों की वजह से यहां यात्रा जोखिम भरी हो गई है। पार्टी की तरफ से जो वीडियो पोस्ट किया गया है, उसमें सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे साफ दिखाई दे रहे हैं और उनके आसपास से ट्रैफिक भी गुजर रहा है। वीडियो में कुछ युवक दिख रहे हैं, जो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गड्ढों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
वीडियो में युवक कहते सुनाई पड़ रहे हैं कि उनके सामने ही चार-पांच गाड़ियों का यहां पर एक्सीडेंट हुआ है, यानी गड्ढों के कारण वह दुर्घटनाग्रस्त हुई हैं। वीडियो में युवक कह रहे हैं कि दो गाड़ियों के एलॉय व्हील टेढ़े हो गए हैं। युवकों ने वीडियो में एक टैंपो ट्रैवलर भी दिखाया, जिसका एलॉय व्हील टेढ़ा हुआ देखा जा सकता है।
वीडियो आज सुबह ही पोस्ट किया गया है, इस संबंध में अभी तक NHAI की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं, लेकिन अगर सच में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सिर्फ दो महीने में ही ऐसी हालत है तो यह बहुत ही चिंताजनक बात है। वह भी एक ऐसे एक्सप्रेसवे पर जिस पर गाड़ियां 100 की रफ्तार से फर्राटा मारती हैं। ऐसे में अगर 100 की रफ्तार से किसी गाड़ी का टायर इन गड्ढों में जाएगा तो भीषण हादसा हो सकता है।
