शहर

Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें, लाखों यात्रियों को बड़ी राहत

ग्रेटर नोएडा में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हो गई हैं। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों का समय और खर्च तो बचेगा ही, साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ भी मिलेगा।

Image

जेवर एयरपोर्ट से अब 16 शहरों के लिए उड़ानें शुरू

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) से देश के कई शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। अब इस एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। एयरपोर्ट से अब देश के कुल 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। इंडिगो और अकासा एयर की नियमित सेवाओं के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल रही है। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता कम होने के साथ यात्रा का समय और खर्च दोनों घटने की उम्मीद है।

नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट से अभी लखनऊ, चंडीगढ़, जयपुर, धर्मशाला, जम्मू, अमृतसर, नवी मुंबई, पंतनगर, बरेली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, जोधपुर, भोपाल और देहरादून सहित 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं। इनमें उत्तराखंड के पंतनगर के लिए हर दिन दो उड़ानों का संचालन हो रहा है, जिससे कुल दैनिक उड़ानों की संख्या 16 शहरों के हिसाब से अधिक हो जाती है।

एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू होने का सबसे बड़ा लाभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें अब दिल्ली के व्यस्त एयरपोर्ट तक लंबी दूरी तय करने की मजबूर नहीं होना पड़ेगा। इससे बिजनेस यात्रियों, छात्रों, पर्यटकों और नौकरीपेशा लोगों के लिए सफर ज्यादा सुविधाजनक और समयबद्ध हो जाएगा। साथ ही सड़क यात्रा पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा।

जानकारों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी से दिल्ली के हवाई यातायात पर दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों, इनवेस्टमेंट और जॉब के नए अवसर बढ़ने की संभावना है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई आर्थिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एयरपोर्ट मैनेजमेंट की योजना आने वाले समय में और अधिक शहरों को उड़ान नेटवर्क से जोड़ने की है। नए रूट शुरू होने के बाद यात्रियों को और व्यापक ऑप्शन मिलेंगे तथा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article