Varanasi News: वाराणसी में ऑनलाइन फूड डिलीवरी की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां के सिगरा थाना क्षेत्र में कल यानी गुरुवार 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन एक व्रतधारी परिवार ने फूड डिलिवरी एप Swiggy से वेज बर्गर ऑर्डर किया, लेकिन उनके घर पर नॉनवेज बर्गर डिलिवर हुआ। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पीड़ित ने Swiggy के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की बात कही है।
क्या है पूरा मामला?
सिगरा के रहने वाले वकील प्रशांत विश्वकर्मा के मुताबिक, करवा चौथ के दिन उनकी पत्नी ने व्रत रखा था। प्रशांत खुद घर पर नहीं थे। शाम के वक्त बच्चे ने कुछ खाने की मांग की तो उन्होंने Swiggy से एक वेज बर्गर ऑर्डर कर दिया। कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय बर्गर लेकर घर पहुंचा। बच्चे ने बर्गर खाना शुरू किया तो उसे स्वाद कुछ अलग लगा। उसने मां से शिकायत की। जब परिवार ने बर्गर को चेक किया तो पता चला कि वह वेज नहीं, बल्कि नॉनवेज बर्गर है।
घर में प्याज-लहसुन तक नहीं बनता
पीड़ित वकील प्रशांत विश्वकर्मा ने कहा, 'हमारे घर में नॉनवेज तो दूर, प्याज-लहसुन तक नहीं बनता। मेरी पत्नी ने करवा चौथ का पवित्र व्रत रखा था और उस दिन बच्चे को नॉनवेज खिला दिया गया। ये कंपनी की बहुत बड़ी लापरवाही है। इससे हमारी धार्मिक भावना आहत हुई है।'
परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Swiggy के कस्टमर केयर पर फोन कॉल के माध्यम से की।
Swiggy का जवाब - ऑर्डर मिक्स हो गया
शिकायत के बाद Swiggy की तरफ से फोन कॉल पर जवाब आया कि उनके पास एक साथ कई ऑर्डर थे, ऑर्डर मिक्स होने की वजह से आपके घर गलती से नॉनवेज बर्गर चला गया। कंपनी ने मामले का संज्ञान लेकर जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन पीड़ित परिवार इस जवाब से संतुष्ट नहीं है।
अधिवक्ता प्रशांत का कहना है कि यह सिर्फ ऑर्डर मिक्स नहीं, बल्कि किसी की आस्था के साथ खिलवाड़ है। वे इस मामले की औपचारिक शिकायत सिगरा थाने और खाद्य सुरक्षा विभाग से करेंगे।
