बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के सरेंडर करने के आदेश के बाद जदयू नेता नीरज कुमार पर बड़ा हमला किया है। अनंत सिंह ने दावा किया कि दुलारचंद यादव की हत्या नीरज कुमार ने करवाई थी, ताकि उन्हें फंसाया जा सके। दुलारचंद यादव हत्याकांड में ही आज अनंत सिंह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है, जिसमें उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया है।
सरेंडर करने को तैयार अनंत सिंह
https://www.timesnowhindi.com/india/anant-singh-bail-cancelled-supreme-court-dularchand-yadav-murder-case-neeraj-kumar-reaction-article-156433752अनंत सिंह ने एक दिसंबर तक कोर्ट में सरेंडर करने की बात कहते हुए कहा है कि उन्हें भरोसा है अदालत से फिर जमानत मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि यह सब सरकार ने नहीं बल्कि नीरज कुमार ने उन्हें फंसाने के लिए कराया है, क्योंकि पार्टी भी वही सुनती है जो नीरज कहता है, और यदि नीतीश कुमार अपने काबिल रहते तो यह सब नहीं होता, इसलिए कोर्ट ने बुलाया है तो वे अदालत जरूर जाएंगे।
अनंत सिंह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का फैसला
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से निष्कासित विधायक अनंत सिंह को झटका देते हुए उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को दुलारचंद यादव हत्या मामले में उन्हें एक दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। सिंह को पिछले साल अक्टूबर में हुई इस हत्या की साजिश रचने के आरोप में पहले गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पटना उच्च न्यायालय ने इस साल मार्च में उन्हें जमानत दे दी थी। न्यायमूर्ति एम. एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने सिंह को मिली जमानत रद्द करने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।
चार महीने के अंदर जांच पूरी करने का आदेश
पीठ ने बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी निर्देश दिया। उच्चतम न्यायालय ने मामले को चार महीने बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।
हाल ही में जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में मोकामा के विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
