भारत-पाकिस्तान हांगकांग इंटरनेशनल सिक्सेस मैचः शुक्रवार को हांगकांग इंटरनेशनल सिक्सस के ग्रुप C मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं कर सकी और टीम को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 88 रन बनाए। इसमें शशांक सिंह की 11 गेंदों पर खेली गई 40 रनों की तूफानी पारी का अहम योगदान रहा। जवाब में, पाकिस्तान ने महज 3.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 92 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर ख्वाजा नाफे (12 गेंदों पर 41 रन) और अब्बास अफरीदी (8 गेंदों पर 35 रन) ने महज 13 गेंदों में 59 रनों की धुआंधार साझेदारी करके टीम को एक मजबूत शुरुआत दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले ही ओवर में अफरीदी ने क्रुणाल पांड्या के खिलाफ 5 छक्के जड़े, जिसने मैच को भारत की पकड़ से दूर कर दिया।इसके बाद अब्दुल समद और इरफान खान ने बाकी काम पूरा किया और पाकिस्तान को एक शानदार जीत दिलाई। इससे पहले, भारत की ओपनिंग जोड़ी राहुल त्रिपाठी (9) और नीतीश राणा (19) टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही।
कप्तान पांड्या और राहुल तेवतिया भी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके, जिससे भारत का स्कोर 88 रन पर ही सिमट गया। यह टूर्नामेंट में उस दिन का सबसे कम स्कोर था। पाकिस्तान, जो दिन के अपने पहले मैच में UAE से एक विकेट से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर था, अब ग्रुप C में शीर्ष पर पहुंच गया है, जबकि भारत सबसे नीचे खिसक गया है।
भारत शनिवार को अपने दूसरे और आखिरी ग्रुप मैच में UAE का सामना करेगा। हर ग्रुप की विजेता टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
