शहर

4 महीने..8 मौतें, जहरीले पैग पिलाकर 'अपनो' की ली जान; पॉइजनिंग केस में सीरियल 'किलर' गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर 8 लोगों की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आइये जानते हैं वो क्यों लोगों की जान लेता था।

Image

शराब में जहर मिलाकर पिलाने से इन 8 लोगों की मौत

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव से सामने आए कथित सीरियल पॉइजनिंग मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर 8 लोगों की हत्या करने और एक अन्य व्यक्ति की हत्या का प्रयास करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, फरवरी से मई 2026 के बीच खर्वे गांव में लगातार 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती दौर में इन मौतों को सामान्य माना गया, लेकिन जब लगातार मौतों का सिलसिला जारी रहा तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को गांव के निवासी रामसहाय जायसवाल पर शक हुआ। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने कथित तौर पर "सुहागा" नामक जहरीले पदार्थ को चूहे मारने की दवा बताकर हासिल किया और उसे शराब में मिलाकर अपने परिचितों को पिलाया।

क्यों लेता था लोगों की जान

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने व्यक्तिगत दुश्मनी, जमीन विवाद, कर्ज के लेन-देन, गाली-गलौज, पत्नी पर गलत नजर रखने की आशंका और टोना-टोटका जैसे कारणों से लोगों को निशाना बनाया। पूछताछ में उसने कई घटनाओं से जुड़ी अहम जानकारियां दी हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 7 मृतकों के शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। एक मृतक का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की सबसे बड़ी चालाकी यह थी कि हर मौत के बाद वह खुद को पीड़ित परिवारों का मददगार दिखाता था। वह बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भी शामिल रहता था, जिससे किसी को उस पर शक न हो। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित सीरियल पॉइजनिंग मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था या आरोपी ने अकेले ही पूरी साजिश को अंजाम दिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article