Jhansi Police Encounter: उत्तर प्रदेश के झांसी में ऑटो ड्राइवर के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों को रोकने की कोशिश के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं एक पुलिसकर्मी बुलेटफ्रूफ जैकेट के कारण गोली लगने से बच गया। जिसके बाद चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो ड्राइवर से लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे ऑटो ड्राइवर नरेंद्र नारायण बाग रोड से गुजर रहा था। तभी दो बाइकों पर सवार होकर चार बदमाश आए, जिन्होंने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने ऑटो ड्राइवर के साथ मारपीट की और जेब में रखे रुपये और मोबाइल फोन भी लूट लिया। जिसके बाद चारों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी, तभी सामने से बाइक पर कुछ युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली सब इंस्पेक्टर अमित तोमर की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी ने अपना नाम ऋषभ वाल्मीकि बताया। पुलिस ने उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और लूट के कुछ रुपये बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी ऋषभ और मोंटी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
