शहर

Pune Murder: शादी के लिए महल बुक, प्राइवेट जेट तैयार... फिर क्यों केतन को मिली मौत?

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उसे लोहागढ़ किले से धक्का देकर मौत के घाट उतारा गया। लेकिन उसकी हत्या की वजह क्या थी, आइए जानते हैं।

Image

Pune Murder

Photo : Times Now Digital

Pune Businessman Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे जिले में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से खाई में धक्का देकर हत्या की गई। जिसके बाद इस वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है।

कथित तौर पर खाई से दिया धक्का

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 18 जून की है और शुरुआत में इसे लोहागढ़ किले से पैर फिसलने के कारण हुई दुर्घटना माना जा रहा था। लेकिन गहन जांच में यह सुनियोजित हत्या की साजिश निकली। दोनों आरोपियों को मंगलवार को पुणे जिले के मावल तहसील की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार इससे पहले यह माना जा रहा था कि केतन तस्वीर खींचने के दौरान दुर्घटनावश खाई में गिर गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई थी।

सिया का बर्थडे मनाने गया था केतन

पुलिस ने बताया कि केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी। खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी। सिया ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि तस्वीर खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बचाव दल ने केतन का शव बाहर निकाला।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सिया और उसके प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी ने केतन को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी और इसे एक हादसे के रूप में दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि शुरू में इसे दुर्घटना का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि पुणे जिले के गहुंजे निवासी और परिवार के रियल एस्टेट कारोबार के निदेशक केतन किले पर तेज हवाओं के बीच फोटो खींचते समय कथित तौर पर लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गए।

लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया के बयान के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। सिया ने पुलिस को बताया था कि पहाड़ी पर स्थित किले में घूमने के दौरान केतन फिसलकर गिर गए थे। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। उन्होंने कहा, "हमारी टीम ने वित्तीय विवादों और व्यक्तिगत संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन (22) के साथ प्रेम संबंध था।"

क्यों की गई केतन की हत्या

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। वह उसे अपने और चेतन के रिश्ते में बाधा मानती थी। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि साजिश के तहत सिया घूमने के बहाने केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई, बाद में चेतन को भी वहां बुलाया और दोनों ने मिलकर कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

संदेह के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा ने सबसे पहले चेतन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने और सिया ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि चेतन से मिली जानकारी के आधार पर सिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

केतन के पिता बोले- सिया के चेहरे पर नहीं था कोई गम

पुलिस अधीक्षक ने कहा, "केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया।" विशाल अग्रवाल ने कहा, "जब पुलिस मेरे बेटे का शव लेकर आई, तो सिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उसके चेहरे पर कोई गम नहीं था।" पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच के लिए पड़ताल जारी है। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दुर्ग है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में जगह हासिल है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article