देश

UP में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में चिराग की पार्टी, लोजपा (R) नेता ने बताया क्या है प्लान

चिराग पासवान ने 28 सितंबर को प्रयागराज में आयोजित 'यूथ बोले तो' कार्यक्रम में भी उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने के पार्टी के फैसले का ऐलान किया था। वह जींस और टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे थे और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास तथा राजनीति में भागीदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत की।

Image

यूपी में अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव।

Photo : PTI

Chirag Paswan: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सुप्रीमो चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। चिराग पासवान ने कहा है कि उनकी पार्टी विधानसभा की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, एलजेपी (आर) अकेले चुनाव या गठबंधन में चुनाव लड़ेगी, यह उन्होंने साफ नहीं किया। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में चिराग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। सभी 403 सीटों पर हमारी पार्टी तैयारी कर रही है।

यूपी में हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे-चिराग

पार्टी की चुनावी तैयारियों के बारे में बोलते हुए पासवान ने समाचार एजेंसी IANS से कहा, 'हमने इस चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर ली है और यह तय है कि लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। गठबंधन कैसा होगा या गठबंधन होगा भी या नहीं... एक बात निश्चित है कि हम उत्तर प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी सभी 403 सीटों के लिए तैयारी कर रही है। अगर गठबंधन होता है तो हम गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे; अगर अकेले चुनाव लड़ना पड़ा, तो भी हमारी पार्टी इसके लिए तैयार है।'

जींस और टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे थे

पासवान ने 28 सितंबर को प्रयागराज में आयोजित 'यूथ बोले तो' कार्यक्रम में भी उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने के पार्टी के फैसले का ऐलान किया था। वह जींस और टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे थे और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास तथा राजनीति में भागीदारी जैसे मुद्दों पर बातचीत की। कार्यक्रम में पासवान ने कहा, 'इसमें कोई संदेह नहीं है कि लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जरूर उतरेगी।'

युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया

चिराग ने इस कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से संवाद किया और पेपर लीक और परीक्षाओं के मुद्दे उठाए। कार्यक्रम की प्रस्तावना साझा करते हुए खुद को युवाओं का बड़ा भाई बताकर तालियां बटोरी। मंच से जो दो बड़ी बातें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया ने कही, उनमें युवा आयोग का गठन कराने के साथ पढ़े लिखे युवाओं के राजनीति में आने का आह्वान किया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article