शहर

गुलजार सिंह की मौत पर गरमाई पंजाब की सियासत, पहली बार एक मंच पर दिखे पायलट, चन्नी, वड़िंग और रंधावा, चीमा के इस्तीफे की उठी मांग

Punjab News: संगरूर में गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस ने मंगलवार को चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट की अगुवाई में पार्टी के कई बड़े नेता एकजुट हुए और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सचिन पायलट समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया।

Image

सचिन पायलट समेत कई नेता हिरासत में

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Punjab News: पंजाब के संगरूर में हुई गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर मंगलवार को पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट की अगुवाई में तमाम कांग्रेस के नेता आज पहली बार एक मंच पर नजर आए। प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग से अब तक दूरी बनाकर चल रहे पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और भारत भूषण आशू समेत पूरी कांग्रेस की लीडरशिप आज एक मंच पर मौजूद रही। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा के आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं को के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया और सचिन पायलट समेत तमाम बड़े नेताओं को डिटेन भी किया गया।

चीमा के इस्तीफे की मांग

पंजाब के नए AICC प्रभारी महासचिव सचिन पायलट के अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता दलित समाज गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में चीमा के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी संख्या में जवान तैनात करके प्रदर्शनकारियों को चीमा के घर तक पहुंचने से रोक दिया। पुलिस ने आगे बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन भी चलाए गए। वाटर कैनन के इस्तेमाल से कांग्रेस नेता कुलजीत सिंह नागरा सहित कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता घायल भी हो गए।

पंजाब के हालात को दिखाती है गुलजार सिंह की आत्महत्या- पायलट

सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस का वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ कोई निजी मामला नहीं है। लेकिन सवाल यह है कि जब किसी व्यक्ति ने अपने आखिरी बयान में मंत्री का नाम लिया है, तो क्या कानून के अनुसार FIR दर्ज कर जांच नहीं होनी चाहिए? पायलट ने कहा कि गुलजार सिंह की आत्महत्या पंजाब के हालात को दिखाती है। उन्होंने कहा कि आप सरकार जो दावे कर रही है, जमीन पर हालात उससे बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा कि एक गरीब दलित व्यक्ति को सिर्फ इसलिए अपनी जान गंवानी पड़ी क्योंकि उसने अपने बेटे को लग रही ड्रग्स और राज्य में ड्रग्स की आसानी से उपलब्धता पर सवाल उठाया था।

उन्होंने आप को याद दिलाया कि चुनाव से पहले पार्टी ने दलित उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि दलित उपमुख्यमंत्री बनाना तो दूर, आप सरकार में गुलजार सिंह जैसे दलितों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अरविंद केजरीवाल के चुनाव से पहले किए गए उस वादे का जिक्र करते हुए कि सरकार बनने के तीन महीने में ड्रग्स खत्म कर दिए जाएंगे, पायलट ने कहा कि आप के करीब पांच साल के शासन के बाद पंजाब में 'चिट्टा' इतनी आसानी से मिल रहा है कि अब इसकी "होम डिलीवरी" तक हो रही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article