सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के जन्मदिन पर उनके फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। बॉलीवुड के बादशाह की फिल्म ‘किंग’ को लेकर मेकर्स एक बड़ा अपडेट देने जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस अपडेट के लिए फैंस को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सिद्धार्थ आनंद के रहस्यमयी पोस्ट के बाद अब यह साफ हो गया है कि फिल्म से जुड़ा नया प्रमोशनल एसेट 2 नवंबर को शाहरुख के जन्मदिन पर जारी किया जाएगा। हालांकि, यह टीजर होगा, ट्रेलर या कोई नया पोस्टर, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-लॉस एंजिल्स प्रीमियर के बाद अमेरिका में बढ़ी Ramayana की एडवांस बुकिंग, रणबीर कपूर की फिल्म ने पकड़ी रफ्तार)
शाहरुख खान के बर्थडे पर मचेगा धमाल
शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाएंगे। इस खास मौके पर फिल्म ‘किंग’ के मेकर्स रात 12 बजे फिल्म से जुड़ी नई झलक दिखाएंगे। पिछले साल फिल्म की पहली झलक सामने आई थी। तब से ही फैंस इसके नए अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि शाहरुख के जन्मदिन पर फिल्म का टीजर रिलीज हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीजर के साथ फिल्म का प्रचार भी शुरू हो सकता है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि टीजर रिलीज होगा या कोई नया पोस्टर आएगा। ऐसे में फैंस को 2 नवंबर की रात 12 बजे तक इंतजार करना होगा।
बेटी सुहाना के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेंगे शाहरुख
‘किंग’ शाहरुख खान के लिए कई मायनों में खास फिल्म है। ‘डंकी’ के बाद यह उनकी अगली बड़ी थिएटर रिलीज होगी। फिल्म में वह पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। सुहाना की यह थिएटर में पहली फिल्म होगी। इससे पहले वह नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द आर्चीज’ में दिखाई दी थीं। इसके अलावा, शाहरुख एक बार फिर दीपिका पादुकोण के साथ काम कर रहे हैं। दोनों इससे पहले ‘ओम शांति ओम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और जैकी श्रॉफ के शामिल होने की भी चर्चा है, जबकि अभय वर्मा और जयदीप अहलावत अपनी भूमिकाओं की पुष्टि कर चुके हैं।
