JEE Main 2027: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा—संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main 2027) के लिए आवेदन प्रक्रिया करते समय अक्सर देखा गया है कि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय कई बार छात्रों से नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक विवरण, परीक्षा शहर के चयन या अपलोड किए जाने वाले दस्तावेजों में अनजाने में कुछ त्रुटियां यानी गलतियां हो जाती हैं। फॉर्म में गलती होने का पता चलते ही छात्रों और उनके अभिभावकों के मन में घबराहट होना स्वाभाविक है कि कहीं उनका फॉर्म रद्द तो नहीं हो जाएगा। इस स्थिति से बचने के लिए करेक्शन विंडो खोली जाती थी। लेकिन, इस बार NTA ने एक बड़ा बदलाव किया है। अब आवेदन फॉर्म में गलती होने की स्थिति में छात्रों को घबराने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह नया फॉर्म भर सकते हैं। जी हां, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी छात्रों की सुविधा के लिए पहली बार नया फॉर्म भरने की सुविधा शुरू की है। इसके लिए एजेंसी द्वारा गाइडलाइन भी जारी की गई है।
गलती होने पर एनटीए ने दिया नया फॉर्म भरने का मौका
एनटीए ने जेईई मेन परीक्षा के फॉर्म में गलती होने पर छात्रों को नया फॉर्म भरने का मौका दिया है। अब इस अवसर के साथ एक महत्वपूर्ण सवाल उठता है कि अगर नया फॉर्म भरा जाता है तो क्या दोबारा आवेदन शुल्क का भुगतान करना पड़ेगा। इसका जवाब है 'हां', उम्मीदवार को नए आवेदन करने पर दोबारा फीस का भुगतान करना होगा और पुराने फॉर्म की फीस रिफंड नहीं होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - RRB ALP एडमिट कार्ड आरआरबी की क्षेत्रीय वेबसाइट पर जारी
दो आवेदन के बीच कंफ्यूजन
दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि दोनों आवेदनों में से कौन सा मान्य होगा, तो बता दें कि आखिरी आवेदन को मान्य माना जाएगा। इससे आपको परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
एनटीए की करेक्शन विंडो
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद रजिस्टर्ड उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन सुधार विंडो खोली जाती है। जिसमें उम्मीदवार सीमित गलतियों में सुधार कर सकते हैं। बता दें इसमें आमतौर पर छात्र अपने नाम, माता-पिता के नाम, कक्षा 10वीं/12वीं के विवरण, परीक्षा शहर की पसंद और फोटोग्राफी में सुधार कर सकते हैं। इसके अलावा किसी और गलती में सुधार नहीं किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को सलाह
उम्मीदवारों को आवेदन में करेक्शन के साथ नए आवेदन की सुविधा मिल गई है। लेकिन सलाह है कि आवेदन के दौरान किसी भी प्रकार की गलती करने से बचे और आवेदन प्रक्रिया ध्यान से पूरी करें। पुनः आवेदन फॉर्म भरने की स्थिति न आए तो बेहतर है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - झारखंड में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के 1038 पदों पर नौकरी के लिए करें आवेदन
आवेदन की अंतिम तिथि
फ्रेश फॉर्म के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 नवंबर है। लेट फीस के साथ आवेदन कि अंतिम तिथि 23 से 26 नवंबर तय की गई है। इसके बाद 27 से 29 नवंबर के बीच आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका देने के लिए करेक्शन विंडो खोली जाएगी।
