राँची

Initiative to Rush free Ranchi: जाम से निजात को 12 जगहों पर बनेगा मार्केट, सड़क किनारे की दुकानें होंगी शिफ्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2023, 05:29 PM IST

Ranchi Municipal Corporation: जाम मुक्त रांची बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। वहीं, अब मार्केट बनाकर फुटकर दुकानदारों को उसमें शिफ्ट किया जाएगा। इसको लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। निगम ने मार्केट निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर ली है। बहुत जल्द निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

Image

रांची नगर निगम कार्यालय

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 2016 के सर्वे के मुताबिक शहर में हैं 5901 वेंडर
  • नगर निगम ने 10 हजार वेंडरों को दिया है लोन
  • बिरसा चौक, हिनू, अरगोड़ा, बूटी मोड़ पर बनेगा मार्केट

Market will be built in Ranchi: राजधानी में जाम की समस्या कुछ महीनों में हल हो जाएगी। इसके लिए फुटकर दुकानदारों को मार्केट में शिफ्ट किया जाएगा। नगर निगम द्वारा शहर की 12 जगहों पर छोटे-बड़े मार्केट बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत अवैध कब्जा किए फुटपाथ दुकानदारों को मार्केट में बसाया जाएगा। इससे सड़कों पर अतिक्रमण नहीं होगा और जाम की समस्या हल हो जाएगी। बता दें 2016 में सम्मान फाउंडेशन ने शहर में सर्वे कराया था, जिसमें 5901 वेंडर मिले थे। वहीं, नगर निगम ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार वेंडरों को लोन दिया था।

इसका मतलब है कि शहर में 10 हजार वेंडर तत्काल अवस्थित हैं। नए योजना के मुताबिक बिरसा चौक, हिनू, अरगोड़ा, आलम नर्सिंग होम, बूटी मोड़ समेत अन्य क्षेत्रों में मार्केट बनाया जाएगा। इसके लिए इन इलाकों में जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसके साथ ही मोरहाबादी में एमटीएस, पीएचईडी टैंक, फुटबॉल स्टेडियम के पास में तीन वेंडर मार्केट बनाने का प्रस्ताव है। यहां वेंडरों को बसाया जाएगा। निगम ने जिला प्रशासन से स्थलों की मांग भी की है।

अब तक कितने वेंडरों को बसाया गया

सबसे पहले नगर निगम ने 2016 में मधुकम खादगढ़ा बाजार बनाकर 305 वेंडरों को बसाया था। फिर 2018 में अटल स्मृति मार्केट बनाया। इसमें 472 वेंडरों को बसाया। 2020 में नागा बाबा खटाल बनाया गया, जिसमें 231 वेंडरों को बसाया गया। लालपुर में डिस्टलरी मार्केट बन गया है। इसमें 105 वेंडरों को बसाया जाएगा। इस बारे में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन का कहना है कि मुख्य सड़कों पर फुटपाथ दुकानदारों के अतिक्रमण से लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। इससे निजात दिलाने के लिए ही निगम ने यह प्लान तैयार किया है।

अरगोड़ा तक हटाया अतिक्रमण

नगर निगम लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है। इसके तहत निगम ने अरगोड़ा से बिरसा चौक तक अतिक्रमण हटवाया है। इस रूट के सभी ठेला, खोमचा और फुटपाथ दुकानदारों को हटा दिया गया। कुल 25 दुकानें हटवाई गईं हैं। दुकानदारों के शेड भी हटाए गए हैं। अरगोड़ा चौक से 15 एवं बिरसा चौक से 10 दुकानें हटाई गईं हैं। यह अभियान 15 फरवरी तक चलाया जाना है। अगर, अभियान सख्ती से चला तो शहर का एक बड़ा हिस्सा अतिक्रमण मुक्त हो जाएगा। इससे वाहनों के आवागमन में काफी सहूलियत होगी। लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना नहीं पड़ेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article