भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज यानी शनिवार 10 अक्बूटर को CJP Protest के मद्देनजर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन देश के विकास को अस्थिर करने की कोशिश है। उन्होने कहा कि आज जो कुछ भी हो रहा है, यह सब विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि CJP और INDIA गंठबंध देश को अस्थिर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि जनता सब देख रही है। ये जो आप सबके मंसूबे हैं, ये कभी पूरे नहीं होंगे।
इन लोगों को जनता नकार चुकी है - नितिन नवीन
नितिन नवीन ने कहा कि जनता ने जिन लोगों को नकार दिया है, आज प्रदर्शन कर रहे लोग वही हैं। लोकतंत्र ने जिनकों सजा दी, वह देश को अस्थिर करने का मंसूबा पाल रहे हैं। ये सब विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रहा है। नितिन नवीन ने कहा, देश में विकास और तरक्की हो रही है और ये लोग उस तरक्की को पचा नहीं पा रहे हैं।
कुछ लोग अर्बन नक्सल मानसिकता के
नितिन नवीन ने लोकभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश को भय के माहौल से बाहर निकालने और आतंकवाद व नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में प्रयास किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ लोग 'अर्बन नक्सल' मानसिकता के साथ देश की स्थिरता को चुनौती देने में जुटे हैं।
नितिन नवीन ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, INDIA गठबंधन के नेताओं और CJP के कथित युवा नेतृत्व की भाषा पर देश के युवा नजर रख रहे हैं। उनके मुताबिक, भारत के युवा अपनी संस्कृति, लोकतंत्र और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध हैं और इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करेंगे।
राहुल गांधी और विपक्ष पर साधा निशाना
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि देश के संवैधानिक ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिशों को जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई।
नितिन नवीन ने विपक्षी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मंशा कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि देश के 140 करोड़ नागरिक इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे और इसके परिणाम भी भुगतने पड़ेंगे।
विदेशी ताकतों को लेकर भी लगाया आरोप
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी राजनीति के लिए विदेशी ताकतों पर निर्भर हैं और उनके साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
बीजेपी अध्यक्ष के इन बयानों के केंद्र में विपक्ष की राजनीति, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति कथित रवैया और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे रहे। हालांकि, विदेशी ताकतों से संबंधों और देश को अस्थिर करने के आरोपों के समर्थन में उन्होंने इस बयान में कोई विशिष्ट सबूत पेश नहीं किया।
