शहर

CEC के खिलाफ प्रदर्शन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे 500 प्रदर्शनकारी हिरासत में

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले शहरभर में सुरक्षा कड़ी है, अबतक करीब 500 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं। यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया है, इनके अलावा CJP फाउंडर अभिजीत दिपके, प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी हिरासत में लिया गया है।

Image

200 से अधिक हिरासत में

Photo : PTI

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा का भारी पहरा बिठा दिया गया है। तकरीबन 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया है। इस बीच, जाने-माने यूट्यूबर और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा हिरासत में ले लिया गया है।

हिरासत में लिए गए CJP नेता

यूट्यूबर ध्रुव राठी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार (सेंट्रल पार्क विहार) सोसाइटी में अपने माता-पिता के साथ ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निषेधाज्ञा और प्रदर्शन की अनुमति न होने के बावजूद लगातार सोशल मीडिया पर दिल्ली पहुंचने के पोस्ट शेयर करने के बाद यह एहतियाती कदम उठाया गया है। वहीं CJP नेता अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अभिजीत दिपके का प्लेन जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किया दिल्ली पुलिस के अधिकारी उसके अंदर गए और दिपके और उनके साथी सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया।

500 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 जिलों में बड़े पैमाने पर एहतियाती कार्रवाई की है। जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे लगभग 500 लोगों को नई दिल्ली क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पिछले कुछ घंटों में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 600 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की हिंसा न भड़के। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

SIR और मतदाता सूची संशोधन का है विवाद

यह पूरा विवाद निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फॉर्म-6 से जुड़े संशोधनों के विरोध में खड़ा हुआ है। CJP और विपक्षी दल मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों और पिछले प्रदर्शनों के दौरान हुए उपद्रव का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति पूरी तरह से खारिज कर दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article