Rajasthan Weather Today (31-July-2026) राजस्थान का मौसम: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र डीप डिप्रेशन में बदला और अब यह लगातार पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते ओडिशा से लेकर गुजरात और राजस्थान तक मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार 31 जुलाई को राज्य के 5 जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यही नहीं अन्य जिलों के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आज से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कोटा और उदयपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष तौर पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा और रायसेन होते हुए डीप-डिप्रेशन सिस्टम तक बनी हुई है। यह डीप-डिप्रेशन फिलहाल छत्तीसगढ़ के ऊपर एक्टिव है और धीरे-धीरे पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान में 5-6 अगस्त तक बारिश का ऐसा ही दौर जारी रहने का अनुमान है।
कई जिलों में 2 इंच तक बारिश
पिछले 24 घंटे में सीकर, जयपुर, बूंदी, कोटा, झुंझुनूं, अजमेर और प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में बारिश देखने को मिली है। अजमेर के सरवाड़ में 45 मिमी, सीकर के नीमकाथाना में 34 MM, रींगस में 29 मिमी और खंडेला में 27 मिमी बारिश हुई। प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में 23 मिमी, कोटा के सांगोद में 20 मिमी और झुंझुनूं के खेतड़ी में 18 मिमी बारिश हुई।
पश्चिमी राजस्थान में अब भी गर्मी
पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में पश्चिमी हवाओं के कारण गर्मी बढ़ गई है। जैसलमेर में गुरुवार 30 जुलाई को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 40.1 और बीकानेर में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
जयपुर के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश हुई। जालसू में 43 मिमी, कालवाड़ में 34 मिमी और चौमूं में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अजमेर में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि जोधपुर में अगले छह दिनों के लिए ये अलर्ट जारी किया गया है।
शहरों में बारिश के बाद उमस से बढ़ी परेशानी
कोटा में गुरुवार को लगभग आधे घंटे की बारिश के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई। उदयपुर में शाम को करीब दस मिनट बारिश हुई। सीकर में सुबह बादल छाए रहे, जबकि बाद में धूप निकल आई। अलवर में भी अगले 24 घंटे में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
