शहर

Rajasthan News: 27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में कल होगी वोटिंग, भरतपुर में सबसे ज्यादा प्रत्याशी

Rajasthan News: राजस्थान में तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में कल यानी मंगलवार 3 नवंबर को 27 जिलों के 377 जिला परिषद और 2119 पंचायत समिति वार्डों पर मतदान होगा। भरतपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं।

Image

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में कल होगी वोटिंग (AI Image)

Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के लिए कल यानी मंगलवार 3 नवंबर को 27 जिलों में मतदान होगा। इस चरण में 27 जिला परिषदों के 377 वार्ड और 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 9094 पदों के लिए 1305 जिला परिषद उम्मीदवार और 7789 पंचायत समिति प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

तीसरे चरण में कुल 1 करोड़, 6 लाख, 81 हजार से ज्यादा मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 55 लाख, 48 हजार, 472 पुरुष और 51 लाख, 3 हजार, 51 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए सभी जिलों में मतदान की तैयारियां की जा रही हैं। इस चरण में सबसे अधिक उम्मीदवार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में मैदान में हैं।

भरतपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार

जिला परिषद और पंचायत समिति दोनों चुनावों में उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से भरतपुर सबसे आगे है। यहां जिला परिषद के 19 वार्डों के लिए 91 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, पंचायत समिति के 98 वार्डों में 696 प्रत्याशी मैदान में हैं। पंचायत समिति चुनाव में यह तीसरे चरण के सभी जिलों में सबसे बड़ी संख्या है।

जिला परिषद के सबसे ज्यादा वार्ड दौसा और हनुमानगढ़ में हैं। इन दोनों जिलों में 24-24 वार्डों के लिए मतदान होगा। हालांकि, उम्मीदवारों की संख्या में भरतपुर इनसे आगे है।

दौसा में सबसे ज्यादा पंचायत समिति वार्ड

पंचायत समिति चुनाव में दौसा जिले में सबसे ज्यादा 142 वार्ड हैं। यहां 474 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद हनुमानगढ़ में 130 वार्ड और 410 उम्मीदवार हैं। चूरू में 117 वार्डों के लिए 400 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

दूसरी ओर, जिला परिषद चुनाव में बूंदी में सबसे कम 5 वार्ड हैं, जहां 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पंचायत समिति चुनाव में भी बूंदी सबसे नीचे है। यहां सिर्फ 25 वार्डों के लिए 69 उम्मीदवार मैदान में हैं।

27 जिलों में जिला परिषद चुनाव का पूरा गणित

तीसरे चरण में जिला परिषद के कुल 377 वार्डों पर 1305 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। भरतपुर में 91, डीग में 86, चूरू में 76 और हनुमानगढ़ में 78 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, उदयपुर में 8 वार्डों के लिए 24 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पंचायत समिति चुनाव में 116 समितियों के 2119 वार्डों के लिए कुल 7789 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति मिलाकर 9094 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article