शहर

गांव-तबेला नहीं, ये Greater Noida West है! सड़कों पर गाय-सांड का कब्जा, हर तरफ गंदगी का अंबार

Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट लाखों लोगों के सपनों का शहर है, जिसे उन्होंने अपनी आंखों के आगे बसते हुए देखा है। यहां लाखों के फ्लैट, लेकिन गांव जैसे हालात हैं! यहां की सड़कें और फुटपाथ बदहाल हैं, आवारा पशुओं ने सड़कों पर डेरा जमाया हुआ है।

Greater Noida West News: ऊपर आपने जो वीडियो या फोटो देखा वह किसी गांव का नहीं है। न ही यह किसी तबेले का है, बल्कि यह 'दर्शनीय' स्थल ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट लाखों लोगों के सपनों का शहर है। सरकार ने इस इलाके में बिल्डरों को जमीन अलॉट करके लोगों के सपनों का घर बनाने की जिम्मेदारी उन्हें दी। पहले तो तमाम बिल्डरों ने लोगों को धोखा दिया और आधे-अधूरे प्रोजेक्ट छोड़कर भाग गए। कई लोगों को 12-15 साल के बाद भी घर नहीं मिले हैं, जिन्हें मिले वह भी ऐसे हालात में जीने को मजबूर हैं।

बिल्डरों की तरफ से तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने आए लोगों को किसी तरह की सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। यहां के हालात को देखकर बार-बार लगता है कि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (GNIDA) ने भी इस तरफ से आंखें फेर ली हैं। न ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किसी तरह के पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सेवा उपलब्ध है न ही साफ-सफाई की तरफ अथॉरिटी का कोई ध्यान है।

कहां की है यह तस्वीर

इस प्रश्न का उत्तर ये है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की किसी भी सोसाइटी के आसपास आपको ऐसे ही हालात देखने को मिल जाएंगे। खासतौर पर इस तस्वीर की बात करेंगे तो यह सुपरटेक इको विलेज-2 और AIMS ग्रीन अवेन्यू के बीच की सड़क की है। यहां नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट लिंक रोड पर इटेड़ा गोलचक्कर के पास इन दो सोसाइटियों के बीच की यह सड़क आस्था ग्रीन्स सोसाइटी को भी जोड़ती है।

वीकली हाट भी लगता है यहां

इस सड़क पर हर शनिवार साप्ताहिक बाजार (Weekly Haat) और सब्जी मंडी भी लगती है। साप्ताहिक बाजार और सब्जी मंडी के चलते भी रविवार सुबह यहां हर तरफ कूड़ा बिखरा मिलता है, जो कई बार शाम तक साफ नहीं होता। सड़क और फुटपाथ के हालात के बारे में तस्वीर जितना कुछ बयां कर रही है, उसे देखते हुए शब्दों की जरूरत तो नहीं है। फिर भी बता दें कि यहां फुटपाथ के पत्थर उखाड़ दिए गए हैं। यहां पर बड़ी संख्या में आवारा पशु जमा रहते हैं।

Cattle at road.

सड़क पर इस तरह आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है

सड़क पर जानवरों का जमावड़ा

आवारा पशुओं के चलते पहले से उखड़ा यहां का फुटपाथ और ज्यादा उखड़ गया है। कई बार जब पशुओं में लड़ाई होती है तो आम निवासियों को जान बचाना मुश्किल हो जाता है। पशुओं के चलते यहां सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है और वह सड़क के किनारे, बीच और डिवाइडर साथ बैठ जाते हैं, जिससे लोगों और गाड़ियों का यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है।

कुछ ऐसे ही हालात गौर वर्ल्ड स्मार्ट स्ट्रीट के ठीक पीछे पंचशील ग्रीन्स सोसाइटी की मार्केट के सामने भी हैं। यहां पहले अवैध रूप से सब्जी की दुकानें लगी रहती थीं, जिन्हें हटा दिया गया है। अब यहां भी आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। गाय और सांड के अलावा आवारा कुत्ते भी बड़ी संख्या में यहां जमे रहते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article