Rajasthan Weather: राजस्थान के लोगों को बड़ी ही बेसब्री से दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार है। अब उनका यह इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से लगभग 8 दिन की देरी से आखिरकार अगले 48 में मानसून की एंट्री राजस्थान में हो सकती है। IMD के मुताबिक 2 जुलाई तक राज्य के पूर्वी हिस्से में झमाझम मानसूनी बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही अगले 48 घंटों के दौरान कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। आज यानी बुधवार 1 जुलाई को राजस्थान के 24 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
सामान्य से कम बारिश का अनुमान
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक 2 या 3 जुलाई को Monsoon पूर्वी राजस्थान से प्रवेश कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले 13 वर्षों में यह तीसरा मौका होगा, जब मानसून जुलाई महीने में राजस्थान पहुंचेगा। हालांकि, शुरुआती पूर्वानुमानों के मुताबिक जुलाई में राज्य में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका बनी हुई है।
बीकानेर संभाग में अंधड़ की चेतावनी
मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिलों में 2 से 4 जुलाई के बीच तेज अंधड़ की भी चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे ज्यादा रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। धूलभरी आंधी के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना है। जोधपुर, फलोदी और जालोर के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोटा के मंडाना में 30 मिमी, पीपल्दा में 9 मिमी, झालावाड़ के बाकनी में 13 मिमी, धौलपुर के बसेड़ी में 12 मिमी और बारां के किशनगंज में 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। मंडाना क्षेत्र में करीब डेढ़ घंटे की बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
सीकर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा
दूसरी ओर, जयपुर, जोधपुर, अजमेर, सीकर और राज्य के कई अन्य हिस्सों में मंगलवार दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही। गुलाबी नगरी जयपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर का 39.4 डिग्री, सीकर का 40 डिग्री और कोटा का 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद हवा में नमी ज्यादा होने से उमस का असर भी बना रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - अयोध्या में चढ़ावे की गिनती कैसे होती थी, अन्य बड़े मंदिरों में क्या है व्यवस्था?
अलवर में तेज बारिश और आंधी की संभावना
उदयपुर में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलवर में मंगलवार की बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन नमी बढ़ने से उमस काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अलवर में अगले दो दिनों के लिए तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - दिल्ली का मौसम (01 July 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में मानसून की एंट्री का बड़ा अलर्ट! जल्द खत्म होगा गर्मी का टॉर्चर
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के सक्रिय होने के साथ जुलाई के पहले हफ्ते में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ेगा। इससे तापमान में और गिरावट आने के साथ भीषण गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
