शहर

राजस्थान का मौसम (9 June 2026) Rajasthan Weather Today: 5 जिलों में Heatwave का अलर्ट, एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लेकर आ रहा राहत की बूंदें

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9 June 2026: राजस्थान में इन दिनों मौसम के दो चक्र देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ भीषण गर्मी तो दूसरी तरफ बारिश का दौर भी जारी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी है, जबकि 7 जिलों में आंधी-बारिश का संभावना जतायी है।

Image

राजस्थान में आज 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 7 जिलों में बारिश

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 9 जून 2026): मौसम के लिहाज से राजस्थान इन दिनों दो हिस्सों में बंटा हुआ है। पश्चिमी राजस्थान में जहां भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। वहीं पूर्वी राजस्थान में आंधी-बारिश के चलते तापमान तो कम हुआ है, लेकिन उमस से लोग परेशान हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी मंगलवार 9 जून के लिए राज्य में हीटवेव और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के 7 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 5 जिलों में भीषण गर्मी और Heatwave की भी चेतावनी दी गई है।

IMD के अनुसार, आगामी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राजस्थान में एक बार फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से प्री-मानसून गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है और लोगों को भीषण गर्मी से भी कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

देश का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर

इससे पहले कल यानी सोमवार 8 जून को राज्य में गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बीकानेर में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

जयपुर, जोधपुर, उदयपुर का तापमान

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान काफी ज्यादा ही रहा। जोधपुर में 42.4 डिग्री सेल्सियस और कोटा में 40.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री, उदयपुर में 39.8 डिग्री और अजमेर में 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अलवर में शाम के समय हुई बारिश ने कुछ राहत मिली, जबकि सीकर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है।

जोधपुर-बीकानेर में 2-3 दिन हीटवेव की आशंका

मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 2-3 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके प्रभाव में यहां के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हीटवेव की भी आशंका बनी हुई है।

सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, गुरुवार 11 जून के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव के चलते गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तब तक हीटवेव का खतरा बना रहेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article