यूपी में आज का मौसम (09 June 2026): उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से भीषण गर्मी के साथ लू का प्रकोप भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वैसे तो यूपी में बारिश और धूप का मिलाजुला मौसम देखने को मिल रहा है। लेकिन इस बारिश से कोई बड़ी राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। वहीं कुछ जिलों में लोकल वेदर सिस्टम के प्रभाव से आंधी के साथ छिटपुट बारिश दर्ज की जा रही है। सोमवार देर रात लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी आई। जिससे कई पेड़ उखड़ गए और बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई।
यूपी में 9 जून को कैसा रहेगा मौसम
यूपी में आज सुबह से ही ज्यादातर शहरों में तेज धूप निकली हुई है। गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों पड़ रहा है। जहां तेज धूप के कारण लू जैसे हालात से लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग ने आज झांसी, जालौन, हमीरपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, महोबा, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, वाराणसी और चंदौली में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दिनभर गर्म हवाओं के कारण कई जिलों में 44 डिग्री या उससे ऊपर तापमान दर्ज किया जा सकता है।
यूपी में 11 जून से प्री-मानसून की दस्तक
हालांकि यूपी के लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। जिससे प्री-मानसून गतिविधियों के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल हो जाएंगी। ऐसे में 11 से 13 जून के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है। IMD के अनुसार यूपी में मानसून की एंट्री अपने तय समय यानी 20 के आसपास होने की संभावना है। जिसके बाद यह 10 दिनों में पूरे प्रदेश में फैल जाएगा।
