शहर

Greater Noida West News: सुपरटेक इको विलेज 3 में पानी की किल्लत, 8000 हजार लोग बूंद-बूंद को परेशान

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-3 सोसाइटी में इस भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। सोसाइटी के कई टावरों में पानी नहीं आ रहा है, जबकि कुछ में कम प्रेशर की समस्या बनी हुई है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज 3 सोसाइटी में पानी की समस्या

Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अलग-अलग सोसाइटियों में परेशानियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ऐसा लगता है कि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (GNIDA) ने भी यहां के निवासियों को बिल्डर और भगवान भरोसे छोड़ दिया है। आए दिन किसी न किसी तरह की समस्या को लेकर यह इलाका सुर्खियों में रहता है। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-3 सोसाइटी का है। यहां पीने के पानी की समस्या लगातार बनही हुई है। कल यानी सोमवार 8 जून को भी यहां के चार टावरों में दोपहर के समय पीने का पानी खत्म हो गया।

11 टावरों में 1800 परिवार पानी को तरसे

दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की समस्या बढ़ गईं। सोसाइटी के निवासियों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। अखबार ने सोसाइटी के लोगों से बात करके उनके एक्सपीरियंस छापे हैं। यहां के निवासी नवीन मृत्युंजय ने बताया कि सोसाइटी परिसर के 11 टावरों में लगभग 1800 परिवार रहते हैं। यहां के निवासी पिछले कई दिनों से पेयजल के कम प्रेशर की समस्या झेल रहे हैं। उनका कहना है कि लगभग हर रोज किसी न किसी टावर में पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्या सामने आती ही है।

मेंटेनेंस मैनेजमेंट ने झाड़ा पल्ला

निवासियों का कहना है कि सोसाइटी के फ्लैटों में कभी भी अचानक पानी आना बंद हो जाता है। यही नहीं, जिन घरों में पानी आ भी रहा है, वहां भी प्रेशर काफी कम है, जिसके कारण बाल्टी भरने में काफी समय लग जाता है। कल यानी सोमवार को दोपहर 12 बजे लगभग चार टावरों में पानी की आपूर्ति अचानक बंद हो गई। जलापूर्ति बंद होने के बाद मेंटेनेंस मैनेजमेंट की तरफ से निवासियों को मैसेज किया गया कि प्राधिकरण की तरफ से जलापूर्ति नहीं हो रही है।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के मैनेजर विनोद कुमार के अनुसार सोसाइटी में पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। उनके अनुसार, प्राधिकरण की तरफ से पानी की कोई समस्या नहीं है, अगर कोई समस्या है तो उसका समाधन कराया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article