राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 29 April 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। खासतौर पर पश्चिम राजस्थान के रेगिस्तानी शहरों में दिन के समय तेज धूप के चलते सड़कें और गलियां वीरान नजर आ रही हैं। पिछले कुछ दिनों से लू जैसे हालात हैं, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम ने जबरदस्त करवट ली है। आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को राजस्थान के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी जयपुर के साथ ही अलवर और दौसा में सुबह हल्की बारिश भी हुई।
दौसा में गिरे ओले, धौलपुर में ट्रेन कोच में आग
प्रचंड गर्मी के बीच राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में मौसम ने करवट ली है। दौसा में आज सुबह ही ओले गिरने से प्रचंड गर्मी से राहत मिली। गुलाबी नगरी जयपुर में भी आज सुबह हल्की बारिश हुई। यहां देर रात से ही घने बादल छाए हुए थे, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। अलवर के भी ज्यादातर इलाकों में आज सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। उधर धौलपुर में गर्मी के चलते दुर्ग से लुधियाना जा रही ट्रेन (15549) के जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। आशंका है कि गर्मी के कारण ट्रेन के ब्रेक पैडल में आग लगी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया।
राजस्थान में कल कैसा रहा मौसम
राजस्थान में कल यानी मंगलवार 28 अप्रैल से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। कल दिन में प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिली। बदले मौसम के चलते राजस्थान के कई शहरों में पारा 5 डिग्री तक लुढ़क गया, इससे लोगों को चुभती-जलती गर्मी से कुछ आराम मिला। इसके अलावा जैसलमेर, बाड़मेर, फतेहपुर, पिलानी, हनुमानगढ़, नागौर, चूरू में भी तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। कुल मिलाकर जिन शहरों में लगातार पारा 40 के पार बना हुआ था, उनमें से ज्यादातर का तापमान 40 डिग्री या इससे नीचे आ गया।
राहत कुछ पलों की, आगे हीटवेव का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई बारिश और ओलावृष्टि के चलते मिली राहत कुछ पलों की ही है। भारत मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते में Heatwave की चेतावनी दी गई है। दिन में तेज धूप के साथ ही दोपहर बाद आंधी और कई जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। कुल मिलाकर मई महीने की शुरुआत भीषण गर्मी से हो सकती है।
आंधी का अलर्ट भी जारी
दक्षिण-पश्चमी राजस्थान के कई हिस्सों में आगे भी हीटवेव जारी रहने की आशंका है। जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में पारा 1-2 डिग्री नीचे गिर सकता है और हीटवेव से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य में आने वाले 3-4 दिनों तक आंधी (40-50 किमी प्रति घंटा) और कई जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है। मई की शुरुआत में भी हीटवेव जारी रहेगी, जबकि कुछ जगहों पर आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।
जोधपुर में भी गिरा पारा
जोधपुर में कल तापमान 41 डिग्री रहा, जबकि अजमेर में 2 डिग्री गिरकर 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। सीकर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप रही। हालांकि, सोमवार को यहां आए अंधड़ और बूंदाबांदी के चलते कल तापमान में 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिली, चहां पारा 40.5 डिग्री पर रहा।
कोटा के तापमान में 5 दिन बाद कमी दर्ज हुई और यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सोमवार का दिन यहां अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा, 27 अप्रैल को तापमान ने 8 साल का रिकॉर्ड टूट गया था।
