शहर

यूपी जा रहे निशांत कुमार, NDA को क्या होगा फायदा? MLC नीरज कुमार क्यों बोले तेजस्वी अभी 'जिंदा'...

पटना से एमएलसी नीरज कुमार के मुताबिक, निशांत कुमार के यूपी दौरे से राज्य में गठबंधन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा आगे बढ़ेगी। उन्होंने इसे एनडीए के लिए सकारात्मक बताया।

पटना : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रत्याशी नीरज कुमार जीत से गदगद हैं। जीत के बाद उन्होंने पार्टी नेता निशांत कुमार की भूमिका की सराहना की। साथ ही उनके आगामी उत्तर प्रदेश दौरे को एनडीए के लिए फायदेमंद बताया। बिहार में निशांत कुमार और सम्राट चौधरी की जोड़ी ने एमएलसी चुनाव में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही उन्होंने विपक्षी नेता तेजस्वी यादव को लेकर भी बयान दिया। कहा कि राजनीतिक तौर पर तेजस्वी यादव अभी भी जिंदा हैं यह कैसे कोई बताएगा।

तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना

बातचीत के दौरान नीरज कुमार ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के राजनीतिक रूप से सक्रिय होने पर सवाल उठ रहे हैं और वह फिर दिल्ली चले गए हैं। वहीं, निशांत कुमार की शिक्षा को लेकर उठाए जा रहे सवालों को उन्होंने खारिज किया।

नीरज कुमार के मुताबिक, निशांत कुमार के यूपी दौरे से राज्य में गठबंधन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा आगे बढ़ेगी। उन्होंने इसे एनडीए के लिए सकारात्मक बताया।

पांच नवंबर को हार-जीत की समीक्षा करेगी जेडीयू

एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर जेडीयू ने पांच नवंबर को समीक्षा बैठक बुलाई है। नीरज कुमार ने बताया कि बैठक में जीतने और हारने वाले दोनों तरह के प्रत्याशियों को बुलाया गया है। चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और नतीजों पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने पंचायत स्तर पर विद्यालय खोलने और शिक्षकों के लिए काम करने जैसे मुद्दों पर प्रयास किए थे। इसके बावजूद कुछ सीटों पर हार मिली है। ऐसे में समीक्षा बैठक में यह समझने की कोशिश होगी कि किन कारणों से पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

ललन सिंह को लेकर क्या बोले नीरज कुमार?

जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि उनकी वरिष्ठता पर कोई सवाल नहीं है। उन्होंने माना कि कुछ तात्कालिक मुद्दों पर मतभेद हुए थे, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें गंभीरता से लिया है। नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव में पार्टी की साख बची है और नतीजों की समीक्षा की जाएगी।

नीतीश-निशांत पर क्या बोले थे नीरज

मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार ने चुनाव में प्रभावशाली भूमिका निभाई है। उन्होंने अपने नाम और पार्टी के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के नाम का जिक्र करते हुए कहा, ''N से नीतीश कुमार जी, N से निशांत कुमार जी और N से नीरज कुमार। मेरा सीरियल नंबर भी तीन ही था। सब कुछ मैचिंग था।''

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article