Australia Student Visa New Rules 2026: ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने का सपना देख रहे भारतीय छात्रों के लिए जरूरी खबर है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भारत से जमा किए जाने वाले कुछ नए वीजा आवेदनों के लिए बायोमेट्रिक जानकारी देने की प्रक्रिया का विस्तार किया है। यह बदलाव अक्टूबर 2026 से लागू हो गया है। इसके तहत कुछ आवेदकों को वीजा प्रक्रिया के दौरान अपने फिंगरप्रिंट और चेहरे की तस्वीर यानी फेस इमेज देनी पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन के मुताबिक, यह नियम केवल 26 अक्टूबर या इसके बाद जमा किए गए आवेदनों पर लागू होगा। इससे पहले आवेदन कर चुके लोगों और पहले से जारी वीजा पर इस बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा।
इस नए नियम का मतलब यह नहीं है कि हर भारतीय छात्र को बायोमेट्रिक देने के लिए सेंटर जाना होगा। ऑस्ट्रेलिया का गृह विभाग (Department of Home Affairs) जिन आवेदकों से यह जानकारी मांगेगा, उन्हें सीधे इसकी सूचना भेजी जाएगी। नोटिफिकेशन मिलने के बाद ही आवेदकों को आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जिन उम्मीदवारों को बायोमेट्रिक देने के लिए कहा जाएगा, वे भारत में VFS Global के 16 बायोमेट्रिक कलेक्शन सेंटर में जा सकते हैं। कुछ पात्र आवेदकों को Australian Immi App के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी करने का विकल्प मिल सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IIT Delhi का नया कदम, सोलर एनर्जी की पढ़ाई के साथ यूरोप में इंटर्नशिप का मौका
बिना नोटिफिकेशन न लें अपॉइंटमेंट
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने साफ कहा है कि विभाग की ओर से आधिकारिक सूचना मिलने से पहले किसी भी बायोमेट्रिक सेंटर में अपॉइंटमेंट बुक न करें और न ही ऐप के जरिए प्रक्रिया शुरू करें।
सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था का मकसद आवेदकों की पहचान को बेहतर तरीके से सत्यापित करना, फर्जीवाड़े को रोकना और पहचान के गलत इस्तेमाल से बचाना है। बायोमेट्रिक जानकारी सुरक्षित तरीके से संभाली जाएगी।
वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अपना ईमेल और मोबाइल नंबर सही रखना चाहिए। आवेदन जमा करने के बाद नियमित रूप से आधिकारिक संदेश चेक करें। यदि बायोमेट्रिक के लिए सूचना मिलती है, तो दिए गए निर्देशों के अनुसार जल्द प्रक्रिया पूरी करें। सरकार का कहना है कि समय पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने पर वीजा प्रोसेसिंग में देरी होने की आशंका नहीं है।
