महाराष्ट्र के पुणे (Pune) से सटे पिंपरी-चिंचवड़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 34 साल की एक महिला की सड़ी-गली लाश एक फ्लैट से बरामद हुई है। महिला की पहचान मुग्धा अविनाश देशमुख के रूप में हुई है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसके माता-पिता को लगता था कि वह लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही है, जबकि वह पिछले कई महीनों से परिवार को बिना बताए पुणे में रह रही थी। मुग्धा का शव पिंपरी-चिंचवड़ के गहुंजे इलाके में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो सोसाइटी के एक फ्लैट में मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुग्धा ने लंदन क्यों छोड़ा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
23 अक्टूबर को हुई थी परिवार से आखिरी बात
जानकारी के मुताबिक, मुग्धा ने आखिरी बार 23 अक्टूबर को अपने माता-पिता से बात की थी। इसके बाद जब परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन नहीं लगा। परिवार को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान परिवार ने मुग्धा के एक दोस्त से संपर्क किया। इसके बाद लंदन पुलिस से पता चला कि मुग्धा अगस्त में ही लंदन छोड़ चुकी थी। यह जानकारी परिवार के लिए हैरान करने वाली थी, क्योंकि उन्हें अब तक यही लग रहा था कि उनकी बेटी लंदन में MBA कर रही है।
बैंक ट्रांजैक्शन से मिला पुणे का सुराग
मुग्धा के पिता ने जब उसके बैंक ट्रांजैक्शन की जांच की तो पता चला कि 8 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच भारत में कई ऑनलाइन पेमेंट किए गए थे। इन ट्रांजैक्शन में स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट, बुकमायशो और मेकमायट्रिप जैसे प्लेटफॉर्म पर हुए भुगतान शामिल थे। पिता की गुमशुदगी की शिकायत के आधार पर उस्मानपुरा पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मुग्धा की जोमैटो ऑर्डर हिस्ट्री खंगाली। इसी से पुणे के गहुंजे इलाके में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो सोसाइटी का एक डिलीवरी एड्रेस सामने आया।
दूसरी चाबी से खोला गया फ्लैट
पुलिस जब बताए गए पते पर पहुंची तो दूसरी चाबी की मदद से फ्लैट खोला गया। अंदर मुग्धा का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला। शुरुआती जांच के मुताबिक, मुग्धा ने इसी साल अप्रैल के आसपास यह फ्लैट किराए पर लिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुग्धा MBA के विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाती थी। हालांकि, वह पुणे में कब से रह रही थी और उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी, इसकी पड़ताल की जा रही है।
मौत की वजह का इंतजार
फिलहाल पुलिस मुग्धा की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उसकी मौत कब और कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसके लंदन छोड़ने, पुणे में रहने और परिवार से संपर्क टूटने के पीछे की वजहों की भी जांच कर रही है। एक तरफ परिवार को लगता रहा कि मुग्धा विदेश में पढ़ाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ वह पुणे में अलग रह रही थी। अब इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस कई पहलुओं की जांच कर रही है।
