शहर

Purvanchal Expressway पर भीषण सड़क हादसा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में Purvanchal Expressway पर तेज रफ्तार अर्टिगा ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हुई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हैं।

Image

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में Purvanchal Expressway पर आज यानी बुधवार 7 अक्टूबर को तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में लखनऊ से देवरिया जा रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार, ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे में 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए। हादसे में तीन प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस के मुताबिक यह भीषण सड़क हादसा बुधवार सुबह लगभग 5 बजे एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। कार में कुल छह टेनिस खिलाड़ी सवार थे। सभी लखनऊ में एक टेनिस कॉम्पटीशन में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे।

हादसे के वक्त सो रहे थे खिलाड़ी

घायल खिलाड़ी जयंत शर्मा ने पुलिस को बताया कि सभी छह लोग प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ी हैं। कॉम्पटीशन में भाग लेने के बाद वे लखनऊ से देवरिया के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान सभी खिलाड़ी सो रहे थे। ऐसे में उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कार किस तरह ट्रक से टकराई।

पुलिस शुरुआती तौर पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। ट्रक की पहचान और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

टक्कर के बाद कार में फंसे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और UPEIDA के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे। राहत और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय नित्या प्रजापति, 20 वर्षीय इरफान अंसारी और 24 वर्षीय अनिकेत के रूप में हुई है। तीनों देवरिया के रहने वाले थे।

तीनों घायल अस्पताल में भर्ती

घायलों में देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी 23 वर्षीय आनंद यादव, देवरिया के तैययर बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी 30 साल के जयंत शर्मा शामिल हैं।

UPEIDA के सुरक्षाकर्मी घायलों को कुमारगंज स्थित 100 बेड के संयुक्त अस्पताल ले गए। वहां शुरुआती इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस अब हादसे की जांच कर रही है। अज्ञात ट्रक की पहचान और टक्कर के कारणों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article