पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक अत्यंत हृदय विदारक और खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक पुलिसकर्मी ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी ने हत्या के लिए अपनी सरकारी AK-47 राइफल का उपयोग किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गुरदासपुर में स्थित 7 नंबर स्कीम के आवासीय क्वार्टरों में जा छुपा। पुलिस ने करीब एक घंटे तक उससे सरेंडर करने की अपील की, लेकिन आरोपी ने सरेंडर करने से इनकार करते हुए खुद को गोली मार दी। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना से पूरे गुरदासपुर में दहशत और सनसनी फैल गई है।
पुलिसकर्मी ने की पत्नी और सास की हत्या
पुलिस ने आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में की, जो गुरदासपुर की केंद्रीय जेल में गार्ड के तौर पर कार्यरत था। अधिकारी ने बताया कि बीती रात करीब 3:00 बजे, गुरप्रीत सिंह ने गांव गुत्थी में अपनी पत्नी अकविंद्र कौर और सास गुरजीत कौर की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद, आरोपी गुरप्रीत सिंह गुरदासपुर की 7 नंबर स्कीम के आवासीय क्वार्टरों में जाकर छिप गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत क्वार्टर को चारों तरफ से घेरा।
एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि पुलिस ने गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और पुलिस को धमकी दी कि वह खुद को गोली मार लेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने लगभग एक घंटे तक आरोपी से सरेंडर करने की अपील की और उसे समझाने की कोशिश की। आरोपी ने किसी की नहीं सुनी और आत्मसमर्पण करने के बजाय खुद को गोली मारकर जान दे दी।
घरेलू कलह के कारण दिया दोहरे हत्याकांड को अंजाम
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घरेलू कलह के चलते गुरप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी अकविंद्र कौर और सास की हत्या की है। मृतका की बहन परमिंदर कौर ने बताया कि अकविंद्र कौर की शादी 2016 में गुरप्रीत सिंह के साथ हुई थी, लेकिन दोनों के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा रहता था। परमिंदर ने यह भी दावा किया कि उसका जीजा साइको किस्म का व्यक्ति था।
