दुनिया

टाइम्स स्क्वायर पर महिला का 'आतंक', 20 सेकेंड में 2 लोगों पर किया चाकू से हमला, 1 की मौत, फायरिंग में खुद भी ढेर

कमिश्नर के मुताबिक दूसरा पीड़ित 68 वर्षीय पुरुष है, जिसे पेट में चोट लगी। अधिकारियों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। दोनों घायलों और संदिग्ध महिला को बेलेव्युए अस्पताल ले जाया गया था। यह हमला सेवेंथ एवेन्यू पर हुआ, जो टाइम्स स्क्वायर के सबसे व्यस्त पैदल इलाकों में शामिल है।

Image

टाइम्स स्क्वॉयर पर महिला ने चाकू से किया हमला।

Photo : AP

Times Square News: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वायर में सोमवार दोपहर चाकू से हुए हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद संदिग्ध महिला को अधिकारियों ने गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। NYPD कमिश्नर जेसिका टिश के अनुसार, 49 वर्षीय पामेला सिसनेरोस ने करीब 20 सेकंड के भीतर दो लोगों पर चाकू से हमला किया। पहला शिकार 32 वर्षीय महिला थी, जिसके पेट में चाकू मारा गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना के समय सड़क पर काफी लोग मौजूद थे

कमिश्नर के मुताबिक दूसरा पीड़ित 68 वर्षीय पुरुष है, जिसे पेट में चोट लगी। अधिकारियों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। दोनों घायलों और संदिग्ध महिला को बेलेव्युए अस्पताल ले जाया गया था। यह हमला सेवेंथ एवेन्यू पर हुआ, जो टाइम्स स्क्वायर के सबसे व्यस्त पैदल इलाकों में शामिल है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आसपास हजारों पर्यटक, परिवार और यात्री मौजूद थे।

पुलिसकर्मियों की ओर चाकू लेकर बढ़ रही थी महिला

पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने सिसनेरोस के साथ करीब चार मिनट तक बातचीत की और उसे कई बार दोनों चाकू नीचे रखने का आदेश दिया। अधिकारियों के मुताबिक, उसने आदेश मानने से इनकार कर दिया। पुलिस ने इसके बाद टेजर का इस्तेमाल किया, लेकिन वह प्रभावी नहीं रहा। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध पुलिसकर्मियों की ओर चाकू लेकर बढ़ रही थी, जिसके बाद पुलिस ने अपने हथियारों से गोली चलाई। कमिश्नर टिश के अनुसार, संदिग्ध ने अधिकारियों से कहा था कि वह चाकू नहीं छोड़ेगी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।

हमला क्यों किया? जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, सिसनेरोस का NYPD के साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी पिछला रिकॉर्ड भी दर्ज था। हालांकि, अधिकारी हमले के मकसद की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर यह हमला अचानक और बिना उकसावे के किया गया प्रतीत हो रहा है।

चाकू हाथ में लेकर पुलिस की ओर बढ़ती रही

रिपोर्टों में अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि करीब चार मिनट तक सिसनेरोस को आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश की। कमिश्नर के मुताबिक, सिसनेरोस ने अधिकारियों से कहा, 'मैं कुछ भी नीचे नहीं रख रही हूं। मैं तुम दोनों को मार देना पसंद करूंगी। मैं तुम्हें मार दूंगी।' अधिकारियों ने उसे रोकने के लिए टेजर का इस्तेमाल किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार, सिसनेरोस ने टेजर डिवाइस हटा दिए और हाथों में चाकू लहराते हुए पुलिसकर्मियों की ओर आगे बढ़ती रही। इसके बाद पुलिस ने गोली चला दी, जिसमें वह घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article