शहर

Alwar News: अलवर में जिंदगी की जंग जीत गया 9 साल का भानु, बोरवेल में फंसे बच्चे को सुरक्षित निकाला

Alwar Borewell Rescue Operation News: अलवर में पतंग लूटते समय बोरवेल में गिरे नौ वर्षीय एक बच्चे को करीब छह घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस, प्रशासन, SDRF और ग्रामीणों ने मिलकर यह अभियान चलाया।

Image

अलवर में बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 6 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला

Photo : PTI

Alwar Borewell Rescue Operation News: राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार को पतंग लूटते समय बोरवेल में गिरे नौ साल के एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे तक बचाव अभियान चलने के बाद यह सफलता हासिल की गई। जिसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया है।

जेसीबी से सुरंग बनाकर बच्चे तक पहुंची टीम

अधिकारियों के अनुसार, बच्चे की पहचान बुटोली गांव निवासी भानु के रूप में हुई है और वह पतंग लूटते समय बोरवेल में गिर गया था। अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार बचाव अभियान चलाया गया और इस दौरान जिले के कई थानों की टीमें मौके पर मौजूद रही। उन्होंने बताया कि बोरवेल के समानांतर सुरंग बनाकर बच्चे तक पहुंचने का प्रयास किए गए। अधिकारी ने बताया कि जेसीबी की तीन मशीनों की मदद से खुदाई की गई।

पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया अभियान

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, पुलिस और प्रशासन की कई टीम मौके पर मौजूद रहीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में साथ दिया। उन्होंने बताया कि बच्चे को लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई थी। अधिकारियों ने बताया कि बोरवेल के अंदर से जब बच्चे की आवाज आने लगी तो बचाव दल ने रस्सी की मदद से बच्चे को बाहर निकाल लिया। उन्होंने बताया कि करीब छह घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद बच्चे को बाहर निकालने में सफलता मिली। जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article