माघ मेला 2026 का शुभारंभ, संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब; CM योगी ने खुद फील्ड में उतरने के दिए निर्देश
- Edited by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 3, 2026, 07:04 AM IST
प्रयागराज में माघ मेला 2026 का भव्य शुभारंभ पौष पूर्णिमा स्नान पर्व के साथ हो गया है। कड़ाके की ठंड के बावजूद संगम तट पर श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही है। वहीं आगामी पर्व-त्योहारों और माघ मेले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह एक्शन मोड में हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन से लेकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग तक को फील्ड में उतरकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पौष पूर्णिमा पर प्रयागराज में स्नान करते श्रद्धालु (स्क्रीनग्रैब: ANI)
Magh Mela 2026: आगामी पर्व-त्योहारों और माघ मेला 2026 को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के प्रमुख जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और उन्हें खुद फील्ड में उतरकर व्यवस्थाएं परखने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, मथुरा-वृंदावन, गढ़मुक्तेश्वर समेत माघ मेला से जुड़े सभी जिलों में आवागमन, स्वच्छता, बिजली, पेयजल, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और प्रवेश-निकास की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साफ कहा कि अराजकता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। अस्पताल, मेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस, गोताखोर, शौचालय और महिला सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त निर्देश
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी महिला को भय या असुविधा का सामना नहीं करना चाहिए। कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था, अलाव जलाने और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो। सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में 17 थाने, 42 चौकियां, जल पुलिस थाना, फायर टेंडर और वॉच टावर तैनात किए गए हैं। 400 एआई युक्त सीसीटीवी कैमरों से क्राउड मैनेजमेंट और निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 42 स्थानों पर पार्किंग और 3800 रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है।
माघ मेला 2026 का शुभारंभ, संगम पर आस्था का सैलाब
प्रयागराज में माघ मेला 2026 का शुभारंभ पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व के साथ हो गया है। ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन के अनुसार अब तक लाखों श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। इस बार माघ मेले में 75 साल बाद दुर्लभ शुभ संयोग बन रहा है, जिसके चलते श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। माघ मेले के लिए 800 हेक्टेयर क्षेत्र में सात सेक्टरों में मेला बसाया गया है। 160 किमी चकर्ड प्लेट सड़कें, 242 किमी पेयजल लाइन, 85 किमी सीवर लाइन, 25 अस्थायी विद्युत सब स्टेशन और 25 हजार शौचालय लगाए गए हैं। 50 एम्बुलेंस, दो 20-20 बेड के अस्पताल, 12 पीएचसी, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक अस्पताल भी स्थापित किए गए हैं।
इन तिथियों पर होंगे प्रमुख स्नान पर्व
माघ मेले में 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, 30 जनवरी को बसंत पंचमी, 1 फरवरी को माघी पूर्णिमा और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के साथ मेले का समापन होगा। प्रशासन का अनुमान है कि पूरे डेढ़ महीने में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि माघ मेला 2026 श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था का आदर्श उदाहरण बने।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।