पटना

नीतीश कुमार चुने गए JDU विधायक दल के नेता, BJP ने लगाई सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर, अब NDA बैठक में लगेगी आखिरी मुहर

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख घटक दलों ने बुधवार को अपने-अपने विधायक दल के नेताओं का चयन किया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना।

Image

नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी (एएनआई)

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख घटक दलों ने बुधवार को अपने-अपने विधायक दल के नेताओं का चयन किया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना। दोनों दलों की ओर से यह जानकारी दी गई। अब एनडीए की होने वाली बैठक में नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगेगी जिसके बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ होगा।

नीतीश चुने गए जेडीयू विधायक दल नेता

जदयू की विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें नेता चुना। जदयू के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्रवण कुमार ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि विधायकों ने एकमत से नीतीश जी को नेता चुना है। उनके नेतृत्व में ही गठबंधन सरकार बनेगी।

सम्राट चौधरी बने बीजेपी विधायक दल के नेता

उधर, भाजपा विधायक दल की बैठक में नव-निर्वाचित विधायकों ने सम्राट चौधरी को नेता चुना। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने बताया, बीजेपी के विधायकों ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना है। यह सर्वसम्मत निर्णय था। मौर्य ने कहा कि दोनों दलों के विधायक दल के नेताओं के चयन के बाद एनडीए औपचारिक रूप से राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत करेगा।

एनडीए घटक दलों की होगी बैठक

एनडीए के दोनों प्रमुख दलों के नेता के चयन के बाद अब एनडीए के सभी घटक दलों की औपचारिक बैठक होगी। एनडीए विधायक दल की इस बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि एनडीए की संयुक्त बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सहयोगियों के साथ राजभवन जाएंगे और राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी समानांतर रूप से चल रही हैं। कुल 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। चुनाव में भाजपा को 89, जदयू को 85, लोजपा(रामविलास) को 19, हम को पांच और रालोमो को चार सीटें मिली हैं। भाजपा विधान सभा में पहली बार सबसे बड़े पार्टी बनी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article