शहर

Gurugram News: भारी बारिश और जलभराव के कारण गुरुग्राम में कल से Work From Home

दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों की ही तरह गुरुग्राम में भी आज यानी सोमवार को भारी बारिश हुई। इसके चलते जगह-जगह सड़कोंं पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। हालात को देखते हुए मंगलवार 25 अगस्त से गुरुग्राम जिले में वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है।

Image

भारी बारिश के बाद गुरुग्राम में कल वर्क फ्रॉम होम

दिल्ली-एनसीआर में आज यानी सोमवार 24 अगस्त को भारी बारिश से सड़कों का हाल बहुत बुरा है। जगह-जगह सड़कों पर पानी जमा होने के कारण भारी ट्रैफिक जाम है। इसी को देखते हुए गुरुग्राम में जलभराव व ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कल यानी मंगलवार 25 अगस्त से वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी कॉरपोरेट कार्यालयों तथा सरकारी एवं निजी स्कूलों और संस्थानों को कल यानी मंगलवार 25 अगस्त से अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की सलाह दी है।

एडवाइजरी के अनुसार वर्क फ्रॉम होम की सलाह देने का एकमात्र उद्देश्य शहर में Waterlogging के चलते ट्रैफिक जाम से बचाव तथा सड़कों एवं ड्रेनों की मरम्मत/सफाई का कार्य सुचारू रूप से करवाना है।

एडवाइजरी में सभी कॉर्पोरेट दफ्तरों, सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और संस्थाओं से कहा गया है कि वह 25 अगस्त से वर्क फ्रॉम होम के लिए गाइड करें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की इस सलाह से गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा निगम भी सड़क और नालों से जुड़े अपने कार्यों को सुचारू रूप से पूरा कर पाएगा।

गुरुग्राम में मंगलवार को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

गुरुग्राम में मंगलवार को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

आज गुरुग्राम में हुई भारी बारिश

बता दें कि आज भारत मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। आज दिन में दिल्ली-एनसीआर के अन्य इलाकों की तरह यहां भी भारी बारिश देखने को मिली, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई।

हालांकि, आसमान साफ होने के बाद ऑरेंज अलर्ट को डाउनग्रेड करके येलो अलर्ट में बदल दिया गया। लेकिन सुबह से दोपहर तक हुई भारी बारिश के कारण कई जगह जलजमाव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के कई इलाकों की सड़कों पर घुटनों तक पानी जम गया। गुरुग्राम के सेक्टर 10 में यूरो इंटरनेशनल स्कूल, साउथ सिटी-1, सेक्टर 69 के ट्यूलिप चॉक और 60 मीटर रोड, नरसिंगपुर, सेक्टर 9, सेक्टर 14 और सेक्टर 45 के अलावा डीएलएफ 2 के वी ब्लॉक, सेक्टर 52 की ओर आर्दी सिटी, सेक्टर 52ए, सेक्टर 5 और सोहना रोड पर ऐरिया मॉल के पास से जलजमाव की तस्वीरें सामने आईं।

सोमवार दिन में हुई बारिश के चलते शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक धीमा होने के कारण 4 किलोमीटर लंबा जाम भी देखने को मिला। क्षेत्र में यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सड़क पर उतारा गया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article