Indigo Flight Emergency Landing: बिहार की राजधानी पटना में एक इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान 6ई 2433 ( IndiGo Flight 6E 2433) की आपातकालीन लैंडिंग हुई है। हवाई अड्डे के निदेशक की तरफ से यह जानकारी मीडिया को दी गई है।
क्यों हुई विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली के लिए टेक ऑफ होने के बाद इंडिगो के विमान के इंजन में खराबी आ गई। जिसकी जानकारी पायलट ने तत्काल एटीसी को की। जिसके बाद एटीसी ने तुरंत पायलट के सहयोग से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। एयरपोर्ट पर सभी आपदा प्रबंधन विभाग को सक्रिय कर दिया गया है। मौके पर इंजीनियर के साथ-साथ एयरपोर्ट के अधिकारी मौजूद हैं।
तीन मिनट बाद ही खराबी का पता चला
पटना से दिल्ली जा रहे इंडिगो का यह विमान जैसे ही उड़ान भरा उसके पायलट को इंजन में खराबी का पता चल गया। यह घटना फ्लाइट के उड़ान भरने के ठीक तीन मिनट बाद हुई। फ्लाइट सुबह करीब 9:11 बजे पटना के जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई। इंडिगो की उड़ान 6ई 2433 में 181 यात्री और आठ चालक दल सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इस घटना से कुछ दिन पहले देहरादून जाने वाली इंडिगो की उड़ान में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। तब पुलिस ने बताया था कि विमान सुरक्षित उतर गया और घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इसे लेकर इंडिगो के अधिकारियों ने उन रिपोर्टों का खंडन किया जिसमें दावा किया गया था कि इंजन की खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग हुई थी।
