पटना

इनकी जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है- बक्सर में PM मोदी और नीतीश कुमार पर जमकर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे

बिहार के बक्सर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश की एकता के लिए इंदिरा जी और राजीव गांधी जी शहीद हो गए। जवाहरलाल नेहरू जी खुद कई साल जेल में रहे और ऐसे परिवार को नरेंद्र मोदी डराना चाहते हैं। RSS-BJP के लोग कांग्रेस के लोगों को डराना चाहते हैं, जिन्होंने आजादी की लड़ाई लड़ी, अपनी जान देने से भी नहीं कतराए।

Image

बिहार के बक्सर में जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राजधानी पटना में महागठबंधन की दूसरी बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले, रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बक्सर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा।

मोदी-नीतीश की जोड़ी पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि इनकी जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है। ये दोनों लोग बिहार और देश की भलाई के लिए नहीं, बल्कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और किसानों को बर्बाद करने के लिए एक साथ आए हैं।

नेशनल हेराल्ड केस पर बीजेपी को घेरा

नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उस अखबार की शुरुआत की थी। इसके अलावा, नवजीवन अखबार और कौमी आवाज भी शुरू किया गया था। इन अखबारों को शुरू करने का मकसद देश को आजाद कराना, देश की जनता को जागरूक करना और लोगों की आवाज अंग्रेजी हुकूमत तक पहुंचाना था। नरेंद्र मोदी और अमित शाह इसी नेशनल हेराल्ड से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी को डराना चाहते हैं, लेकिन हम न डरने वाले हैं, न ही झुकने वाले।

क्या-क्या बोले खड़गे

उन्होंने कहा, "मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि आज गंगा जी के तट पर बसे इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला, जो संविधान सभा के प्रोटेम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा की भूमि भी है। बिहार की धरती पर महात्मा बुद्ध ने तपस्या कर ज्ञान पाया और आज सारी दुनिया उनके शांति संदेश को मानती है। गुरु गोविंद सिंह जी भी इसी धरती पर जन्मे और कई अन्य महापुरुष, समाज सुधारक भी बिहार की धरती से निकले। यहां से कई राजनेता भी आए, जिन्होंने देश के लिए अपना योगदान दिया।"

महात्मा गांधी को किया याद

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था। यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था। अब हम 'जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली' को लेकर इस महान धरती पर आए हैं, जो हमारा सौभाग्य है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article