पटना

बिहार का मौसम 27-July-2025: मौसम ने ली करवट, बिहार में फिर जारी हुआ बारिश का अलर्ट, अबतक सामान्य से कम हुई बारिश

Bihar Ka Mausam, बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में मानसून अभी अस्थिर है, जिससे राज्य में सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई यानी आज कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर अररिया, किशनगंज और सुपौल में अधिक वर्षा की संभावना है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा आज बिहार का मौसम।

Image

बिहार में एक बार फिर मेहरबान हुआ मानसून

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 27-July-2025: बिहार में मानसून की चाल अब भी पूरी तरह संतुलित नहीं हुई है। मौसम विभाग ने रविवार, 27 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तर बिहार में दक्षिण बिहार की तुलना में अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। राज्य के अररिया, किशनगंज और सुपौल जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि कई अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है।

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आज रविवार को बिहार के पूर्वी और उत्तर-मध्य भागों के कुछ जिलों में तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसके साथ ही वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी भी दी गई है। जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया समेत उत्तर बिहार के 14 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

पटना में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी पटना में भी रविवार को बादलों का डेरा बना रहेगा और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। शनिवार को भी पटना, अरवल और आसपास के इलाकों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। इससे खेती-किसानी पर निर्भर किसानों ने कुछ राहत की सांस ली है।

सामान्य से कम हुई बारिश

राज्य में 1 जून से 26 जुलाई 2025 तक औसतन 258 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 43 फीसदी कम है। फिलहाल गयाजी एकमात्र ऐसा जिला है, जहां सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। नवादा, औरंगाबाद, रोहतास, जमुई, बांका, कैमूर, शेखपुरा और लखीसराय में बारिश का स्तर सामान्य रहा है। इसके उलट राज्य के नालंदा, भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, वैशाली, बक्सर, अरवल, पटना, जहानाबाद, कटिहार, किशनगंज, सिवान, समस्तीपुर, अररिया और दरभंगा में 20 से 59 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में कुछ तेजी आने की उम्मीद है।

Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article