देश

'ड्रैगन' की सीमा के पास भारत का शक्ति प्रदर्शन, दुर्गम इलाकों में गरजेंगे सुखोई-मिराज, 21 नवंबर तक चलेगा युद्धाभ्यास

इन युद्धाभ्यासों का उद्देश्य ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में जटिल मिशन पूरा करने की वायुसेना की क्षमता परखना है, साथ ही उत्तरी सीमा पर त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारी को भी जांचना है। यह अभ्यास मध्य हिमालयी सीमा के रणनीतिक रूप से अहम हिस्से को कवर करेगा।

Image

21 नवंबर तक IAF का प्रदर्शन।

Indian Airforce: भारतीय वायुसेना (IAF) 13 से 21 नवंबर तक उत्तराखंड में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के करीब एक सप्ताह तक बड़ा हवाई अभ्यास करेगी। इसके लिए जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ पंजाब के मैदानी क्षेत्र के ऊपर भी हवाई क्षेत्र आरक्षित किया गया है। अभ्यास में सुखोई-30MKI और मिराज-2000 जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों के शामिल होने की उम्मीद है। इनके साथ An-32 और C-295 जैसे परिवहन विमान और Mi-17 हेलीकॉप्टर भी हिस्सा लेंगे।

वायुसेना चलाएगी जटिल मिशन

इन युद्धाभ्यासों का उद्देश्य ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में जटिल मिशन पूरा करने की वायुसेना की क्षमता परखना है, साथ ही उत्तरी सीमा पर त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारी को भी जांचना है। यह अभ्यास मध्य हिमालयी सीमा के रणनीतिक रूप से अहम हिस्से को कवर करेगा, जहां ऊबड़-खाबड़ पहाड़, संकरी घाटियां और अनिश्चित मौसम सैन्य उड़ानों को बेहद चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। ऊंचाई वाले एयरबेस पर और 20,000 फुट से ऊपर की ऊंचाई पर विमान का वायुगतिकीय प्रदर्शन, हथियारों की मारक क्षमता और विमान के बचे रहने की गुंजाइश, सब घट जाती है। पर्वतीय चोटियों से समकोण पर टकराने वाली तेज हवाएं भीषण टर्बुलेंस पैदा करती हैं और हवा के तेज ऊपरी-निचले झोंके विमान को अस्थिर कर सकते हैं।

बदलते मौसम में परखेगी अपनी अभियानगत क्षमता

घाटियों से ऊपर उठने वाली नम हवा विमान की सतह पर जमकर उसका वजन बढ़ा देती है और पंखों की वायुगतिकी बिगाड़ देती है। गहरी घाटियों में मौसम पलक झपकते बदल सकता है, यानी साफ आसमान कुछ ही मिनटों में बर्फीले तूफान में तब्दील हो सकता है। तापमान शून्य से 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर सकता है, जिससे हाइड्रॉलिक द्रव गाढ़ा हो जाता है, बैटरियां जल्दी खत्म होती हैं और अग्रिम ठिकानों पर इंजन चालू करना मुश्किल हो जाता है।

रडार के लिए 'ब्लाइंड स्पॉट' बन जाती हैं चोटियां

भू-भाग खुद एक अलग चुनौती है। पहाड़ की चोटियां और गहरी घाटियां रडार के लिए 'ब्लाइंड स्पॉट' बना देती हैं, जिससे विमान, ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां आखिरी क्षण तक छिपी रह सकती हैं। पतली हवा बमों और मिसाइलों के व्यवहार को भी बदल देती है। कम वायु प्रतिरोध से उनका प्रक्षेप-पथ बदल जाता है, जबकि नियंत्रण के लिए घनी हवा पर निर्भर पंखों (फिन) वाली मिसाइलें और गाइडेड बम अत्यधिक ऊंचाई पर कम चुस्त हो जाते हैं। इजेक्ट करने को मजबूर पायलट के लिए खतरे और भी गंभीर हैं। जानलेवा ठंड, ऑक्सीजन की कमी (हाइपोक्सिया) और हिमाच्छादित भू-भाग जीवित रहना मुश्किल बना देते हैं, जबकि खोज-और-बचाव हेलीकॉप्टरों को दुर्घटना स्थल तक पहुंचने में दिक्कत आ सकती है।

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे अभ्यास केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों में पायलटों, तकनीकी कर्मियों और बचाव दलों के तालमेल को परखने का अहम जरिया होते हैं। हिमालयी सीमा पर बढ़ती निगरानी और रणनीतिक संवेदनशीलता के बीच यह कवायद वायुसेना की तैयारियों को और पुख्ता करेगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article