हेल्थ

डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकती हैं पेनकिलर, एक्सपर्ट ने बताया बिना सलाह दवा लेना क्यों पड़ सकता है भारी

World Diabetes Day 2026: सिरदर्द हो, बदन दर्द आदि में अक्सर लोग बिना डॉक्टर से सलाह लिए दवा खा लेते हैं, जो नुकसानदायक होता है। खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए, डॉक्टर से जाने डायबिटीज में ये क्यों पड़ सकता है भारी।

Image

डायबिटीज के मरीजों के लिए हर पेनकिलर सुरक्षित नहीं

World Diabetes Day 2026: जोड़ों में तकलीफ, सिरदर्द हो या बदन में दर्द हो कई बार लोग तुरंत मेडिकल स्टोर से पेनकिलर खरीदकर खा लेते हैं। बता दें कि, बिना डॉक्टर की पर्ची के मिलने वाली ये दवाएं भले ही आम लगती हों, लेकिन हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं होतीं। खासकर डायबिटीज के मरीजों को दर्द की दवा लेते समय ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। इसकी वजह यह है कि कुछ पेनकिलर किडनी की सेहत, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर पर असर डाल सकते हैं। CK Birla Hospital, Delhi के यूरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. समीर खन्ना के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों को कोई भी पेनकिलर लेने से पहले उसके संभावित नुकसान को समझना चाहिए।

NSAIDs वाली पेनकिलर से बढ़ सकता है किडनी का खतरा

कुछ पेनकिलर ऐसी होती हैं, जिन्हें NSAIDs यानी नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स कहा जाता है। इनमें इबुप्रोफेन, डाइक्लोफेनाक और नेप्रोक्सेन जैसी दवाएं शामिल हैं। इनका इस्तेमाल दर्द और सूजन कम करने के लिए किया जाता है।

हालांकि, इन दवाओं का ज्यादा या लंबे समय तक इस्तेमाल किडनी में खून के प्रवाह को कम कर सकता है। इससे किडनी को अचानक नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि उनमें पहले से ही किडनी की बीमारी होने की आशंका अधिक होती है।

इन लोगों को ज्यादा खतरा

अगर किसी डायबिटीज मरीज को पहले से किडनी की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर या शरीर में पानी की कमी है, तो उसे पेनकिलर लेते समय विशेष सावधानी रखनी चाहिए। इसके अलावा, जो लोग ACE inhibitors, ARBs या पेशाब बढ़ाने वाली दवाएं यानी डाययूरेटिक्स लेते हैं, उनके लिए NSAIDs का इस्तेमाल जोखिम बढ़ा सकता है।

डॉ. समीर खन्ना के मुताबिक, इन दवाओं को बिना डॉक्टर की सलाह एक साथ लेने से किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए अपनी पुरानी दवाओं की जानकारी डॉक्टर को देना बेहद जरूरी है।

डायबिटीज के मरीज पेनकिलर लेते समय क्या करें?

डायबिटीज के मरीजों को खुद से दर्द की दवा लेने से बचना चाहिए। अगर बार-बार दर्द हो रहा है या लंबे समय से परेशानी बनी हुई है, तो डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। डॉक्टर को अपनी पुरानी बीमारियों और पहले से चल रही दवाओं के बारे में जरूर बताएं। इसके अलावा, समय-समय पर किडनी की जांच भी करवाते रहें, ताकि किसी परेशानी का समय रहते पता चल सके।

डॉ. समीर खन्ना के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों को दर्द से राहत पाने के साथ-साथ अपनी किडनी और शरीर के दूसरे अंगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। मेडिकल स्टोर पर आसानी से मिलने वाली हर दवा नुकसान से मुक्त नहीं होती। इसलिए पेनकिलर चुनने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article