शहर

योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों का तबादला, 5 जिलों के DM बदले, देखें लिस्ट

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने 38 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। पांच जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। अनुज सिंह को LDA का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रथमेश कुमार को सीतापुर का DM नियुक्त किया गया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ और वाराणसी में भी अधिकारियों की नई तैनाती हुई है।

Image

योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अफसरों का तबादला हुआ। फाइल फोटो।

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात जारी आदेश के तहत 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव में सीतापुर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर, बिजनौर और महाराजगंज समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA), नोएडा, ग्रेटर नोएडा और मेरठ विकास प्राधिकरण में भी नई तैनाती की गई है।

अनुज सिंह बने एलडीए के नए उपाध्यक्ष

इस फेरबदल में 2013 बैच के आईएएस अधिकारी अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव और उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में अपर निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

वहीं, एलडीए के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। सीतापुर के मौजूदा डीएम डॉ. राजागणपति आर को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (SUDA) का निदेशक नियुक्त किया गया है।

पांच जिलों में नए डीएम की तैनाती

तबादला सूची के मुताबिक पांच जिलों में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

  • सीतापुर: प्रथमेश कुमार
  • मुजफ्फरनगर: सुनील कुमार सिंह
  • सिद्धार्थनगर: गौरव सिंह सोगरवाल
  • बिजनौर: जोगिंदर सिंह
  • महाराजगंज: शिवशरणप्पा जीएन

मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। महाराजगंज के डीएम रहे गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी मिली है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और मेरठ में भी बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल के तहत गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के मौजूदा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नोएडा प्राधिकरण में वंदना त्रिपाठी की जगह प्रीति जायसवाल को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वहीं, प्रत्युष पांडेय को नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

ग्रेटर नोएडा में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। महाराजगंज के डीएम रहे गौरव सिंह सोगरवाल और मेरठ की CDO नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

वाराणसी और अयोध्या में भी नई जिम्मेदारियां

वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को इसी पद पर गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं, गोरखपुर के CDO शाश्वत त्रिपाठी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है।

अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह को वाईईआईडीए में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मेरठ के ADM (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार को मेरठ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article