उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में निजी अस्पतालों की मनमानी और स्वास्थ्य विभाग की ढुलमुल कार्यशैली के कारण एक बार फिर एक मरीज की जान चली गई। सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल में 8 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा स्टाफ अपनी जान बचाकर भाग निकला, जिससे वहां पहले से भर्ती ऑपरेशन के 8 मरीज बिना किसी डॉक्टर या कर्मचारी के भगवान भरोसे छूट गए। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले के स्वास्थ्य महकमे की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरकारी अस्पताल से निजी सेंटर ले गई 'आशा बहू'
सुरसा थाना क्षेत्र के गहरूई मर्सा गांव के रहने वाले संदीप शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपनी 24 वर्षीय 8 माह की गर्भवती पत्नी हिमांशी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। परिजनों का गंभीर आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में मिली आशा बहू नन्हूं देवी ने बेहतर इलाज और कम खर्च का झांसा देकर दोपहर करीब 12 बजे दंपती को बहला-फुसलाकर सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया। अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर 15 हजार रुपये तुरंत जमा कराए। बिना समुचित जांच के दी गई गलत दवाओं के कारण हिमांशी की नाक से तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे प्लेटलेट्स की 5 यूनिट भी चढ़ाई गईं, लेकिन शाम 5 से 5:30 बजे के बीच उसकी मौत हो गई।
पुलिस बुलाई तो फरार हुआ स्टाफ
हिमांशी की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन अपनी गर्दन फंसते देख शव को जबरन लखनऊ रेफर करने का दबाव बनाने लगा। जब परिजनों ने इसका कड़ा विरोध किया और पुलिस को सूचना दी, तो अस्पताल संचालक अनुज कुमार उर्फ अरविंद यादव समेत ऑन-ड्यूटी डॉक्टर और सभी कर्मचारी अस्पताल छोड़कर मौके से फरार हो गए। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
8 पोस्ट-ऑपरेटिव मरीज छूटे लावारिस
घटना की सूचना पर डिप्टी CMO डॉ. अखिलेश वाजपेई जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एक भी डॉक्टर, ईएमओ (EMO) या मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं था और ऑपरेशन के बाद भर्ती 8 मरीज बिना किसी चिकित्सीय निगरानी के पड़े मिले। डिप्टी सीएमओ ने मीडिया के सामने बयान दिया कि भर्ती सभी 8 मरीजों को तुरंत एसएस हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कराया जा रहा है, अस्पताल को सील किया जाएगा और जांच कमेटी गठित कर कठोर कार्रवाई होगी। मीडिया में बयान देने के बाद अधिकारी मौके से रवाना हो गए। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिकारी के जाने के घंटों बाद तक न तो मरीजों की शिफ्टिंग शुरू हुई और न ही अस्पताल को सील किया गया।
