पटना

Patna: गोपाल खेमका मर्डर पर नीतीश ने ली हाईलेवल मीटिंग; प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

शुक्रवार की रात पटना में हुई उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या को लेकर CM नीतीश कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। CM ने DGP से पूरी जानकारी ली और जांच के लिए SIT गठित करने के निर्देश दिए। सीएम ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और लापरवाह अधिकारियों पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी।

Image

मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की ली जानकारी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Gopal Khemka Murder: राजधानी पटना में हुए उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को आपात बैठक बुलाई और वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री आवास पर तलब कर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कोई भी हों।

सीएम ने मांगी DGP से पूरी जानकारी

मुख्यमंत्री ने बैठक में पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से गोपाल खेमका की हत्या से जुड़ी पूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि घटना की तह तक जाकर पूरे मामले की गहन जांच की जाए। यदि हत्या के पीछे कोई साजिश सामने आती है तो उसकी भी विशेष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

पटना पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

खेमका की हत्या गांधी मैदान थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित राम गुलाम चौक के पास हुई, लेकिन पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल पर सेंट्रल एसपी दीक्षा करीब रात 2:30 बजे पहुंचीं जबकि थाने की पुलिस 1:30 बजे अस्पताल पहुंची। इस देरी को लेकर पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

SIT का गठन, कार्रवाई शुरू

DGP विनय कुमार के निर्देश पर इस हाई-प्रोफाइल हत्या की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी कमान पटना सेंट्रल SP दीक्षा को सौंपी गई है। टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी है और हत्यारों की पहचान और पकड़ के लिए तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक में स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या पुलिसकर्मी की लापरवाही उजागर होती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधी अब सरकार को सीधी चुनौती दे रहे हैं और यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article