शहर

Maharashtra SIR News: महाराष्ट्र SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 2 करोड़ से ज्यादा नाम बाहर; 30 सितंबर तक आपत्ति का मौका

Maharashtra SIR News: महाराष्ट्र में SIR-2026 के बाद 31 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है। जिसके अनुसार, 9.78 करोड़ मतदाताओं में से 2.06 करोड़ से अधिक नाम लिस्ट से बाहर हुए हैं।

Image

महाराष्ट्र SIR: 288 विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी (सांकेतिक फोटो)

Maharashtra SIR News: महाराष्ट्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 के बाद पहली ड्राफ्ट मतदाता सूची सोमवार को जारी कर दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 288 विधानसभा क्षेत्रों की इस संशोधित लिस्ट में करीब 7.71 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि 2.06 करोड़ से अधिक नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो सके।

SIR से पहले महाराष्ट्र में थे 9.78 करोड़ मतदाता

SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9,78,54,049 दर्ज थी। संशोधित ड्राफ्ट मतदाता सूची में 78.86 प्रतिशत मतदाताओं को शामिल किया गया है। वहीं कुल 21.14% मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुआ है।

ड्राफ्ट सूची में शामिल मतदाता

  • पुरुष: 3,95,89,905
  • महिला: 3,75,72,570
  • थर्ड जेंडर: 3,087

क्यों हटे 2 करोड़ से ज्यादा नाम?

चुनाव आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट सूची में इन मतदाताओं के नाम शामिल न होने के कई कारण सामने आए हैं। विभाग ने ऐसे मतदाताओं की जिला-वार सूची और नाम शामिल नहीं होने की वजह संबंधित आधिकारिक वेबसाइटों पर अपलोड कर दी है।

ड्राफ्ट सूची से नाम हटाए जाने के कारण

  • वेरिफिकेशन के दौरान मतदाता अपने दिए गए पते पर अनुपस्थित पाए गए।
  • लोग अपने पुराने पते को छोड़कर किसी दूसरी जगह बस गए हैं।
  • जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, उनके नाम हटाए गए हैं।
  • कई मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगहों पर दर्ज थे यानी या डुप्लीकेट नामों को हटाया गया।
  • एन्यूमरेशन फॉर्म भरने से मना करना या जरूरी जानकारी समय पर जमा न हो पाना।

30 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच करने का मौका दिया है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है। मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जरूर चेक करें। अगर किसी योग्य मतदाता का नाम सूची में नहीं है या जानकारी में कोई गलती है, तो तय अवधि के अंदर दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

4 नवंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची

महाराष्ट्र के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 288 ईआरओ (EROs) और 7,000 से अधिक सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AEROs) नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी दावे, आपत्तियों और नोटिस से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे, आपत्तियों और नोटिस से संबंधित पूरी प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर 2026 के बीच पूरी की जाएगी। SIR प्रक्रिया के तहत सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article