Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में Ganga Expressway की सड़क का एक हिस्सा अचानक धंसने से हड़कंप मच गया। यहां बसीरतगंज टोल के पास प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर सड़क धंसने के बाद लगभग 7 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों के लिए सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, सड़क पर गड्ढा बनने की सूचना मिलते ही तुरंत रिपेयरिंग का काम युद्धस्तर पर किया गया और खबर लिखे जाने तक गड्ढे को भर भी दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क धंसने की घटना किलोमीटर 423.6 के पास उन्नाव रेस्ट एरिया के नजदीक हुई थी। अचानक सड़क का हिस्सा धंसने से मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया था। घटना का वीडियो तुरंत ही सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही गंगा एक्सप्रेस-वे की कार्यदायी संस्था एक्टिव हुई। संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए वाहनों को प्रभावित हिस्से से हटाकर दूसरी लेन से डायवर्ट किया गया। इसके साथ ही धंसे हुए हिस्से की मरम्मत और सड़क को दोबारा दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया, जो अब पूरा हो चुका है।
निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
सड़क धंसने की घटना के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी उन्नाव के पास ही गंगा एक्सप्रेसवे का हिस्सा धंसने की खबर आई थी। एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से वाहन चलते हैं, ऐसे में सड़क के अचानक धंसने से बड़ा हादसा हो सकता था।
जांच के बाद पता चलेगा क्यों हुआ इतना बड़ा गड्ढा
फिलहाल यहां हुए 7 फीट गहरे गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत कर दी गई है। सड़क किस वजह से धंसी और इसके पीछे निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी या किसी अन्य तकनीकी कारण की भूमिका है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
