पटना

पटना में नहीं रुक रहे अपराध, फिर चलीं गोलियां, दो घटनाओं में दो घायल

बिहार की राजधानी पटना में बीते कुछ दिनों से लगातार गोलीबारी और हत्या की खबरें आ रही हैं। रविवार और रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पटना में दो गोलीबारी की घटनाएं हुईं जिसमें दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

Image

पटना में फिर गोलीबारी की घटनाएं

Photo : Times Now Digital

Patna News: राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार गोलीबारी की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात बदमाशों ने एक युवक को उसके घर के पास ही गोली मार दी। घटना अल निजाम नगर की है, जहां मोहम्मद रिहान को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाया।

गंभीर रूप से घायल है पीड़ित

पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त यह घटना हुई, रिहान टहल रहा था। रात 1 बजे के आसपास हमलावरों ने रिहान पर गोली चला दी, जिससे रिहान घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

साफ नहीं है हमले का मकसद

फुलवारी के SDPO सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए छानबीन हो रही है। परिजनों से भी पूछताछ कर इनपुट जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमले के पीछे वजह क्या थी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

गौरीचक में भी हुई गोलीबारी

वहीं पटना में ही कल शाम गौरीचक इलाके में एक और गोलीबारी की घटना हुई जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई।

घटना शाम साढ़े चार बजे के आसपास की है। गौरीचक के SDPO सत्यकाम ने यह जानकारी दी कि एक मैकेनिक पेशे के व्यक्ति को कुछ पैसे रुपयों को लेकर विवाद में गोली मार दी गई। घायल का नाम आलोक कुमार है, जिसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article