शहर

रक्षा, क्लीन एनर्जी और एआई के लिए क्रिटिकल मिनिरल्स का हब बनेगा छत्तीसगढ़, भारत को देगा मजबूत आधार

रायपुर के नवा रायपुर में भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी की आठवीं ट्रेंच के तहत रोड शो आयोजित किया गया। इसमें देश के सात राज्यों के 20 खनिज ब्लॉक नीलामी के लिए पेश किए गए हैं। इनमें पांच ब्लॉक छत्तीसगढ़ के हैं।

Image

एआई के लिए क्रिटिकल मिनिरल्स का हब बनेगा छत्तीसगढ़।

रक्षा उपकरणों, स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के लिए जरूरी महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। राज्य में लिथियम, ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, टंग्स्टन, वैनेडियम और गैलियम जैसे रणनीतिक खनिजों के भंडार और संभावनाएं मौजूद हैं। इससे छत्तीसगढ़ भारत की रणनीतिक खनिज आपूर्ति श्रृंखला का अहम केंद्र बन सकता है।

रायपुर के नवा रायपुर में भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी की आठवीं ट्रेंच के तहत रोड शो आयोजित किया गया। इसमें देश के सात राज्यों के 20 खनिज ब्लॉक नीलामी के लिए पेश किए गए हैं। इनमें पांच ब्लॉक छत्तीसगढ़ के हैं।

इस दौराम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशकों से नीलामी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता केवल खनन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश में बैटरी निर्माण, ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ड्रोन, रक्षा उपकरण और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को भी गति मिलेगी।

65 खनिज ब्लॉक्स की हो चुकी नीलामी

मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अब तक 65 खनिज ब्लॉक्स की नीलामी की जा चुकी है। इनसे करीब चार लाख करोड़ रुपये के संभावित राजस्व की उम्मीद है। राज्य में पिछले ढाई वर्षों के दौरान 40 एक्सप्लोरेशन प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं, जबकि 2,800 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में जियोलॉजिकल सर्वे पूरा किया जा चुका है।

खनन के साथ पर्यावरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खनिज संसाधनों के विकास के साथ पर्यावरण और जंगलों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार के मुताबिक सतत खनन और पर्यावरणीय उपायों के चलते प्रदेश के वन क्षेत्र में 1.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का लक्ष्य केवल खनिज निकालना नहीं, बल्कि अन्वेषण से लेकर प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करना है। इससे स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

रोड शो में मुख्यमंत्री ने ई-रेत संगवारी और टिन पोर्टल भी लॉन्च किए। ई-रेत संगवारी के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को रियायती दर पर रेत उपलब्ध कराने की व्यवस्था को आसान और पारदर्शी बनाया जाएगा। वहीं, दंतेवाड़ा के टिन कारोबार से जुड़े आदिवासी परिवारों को उचित मूल्य दिलाने और खरीद-बिक्री में पारदर्शिता लाने के लिए टिन पोर्टल शुरू किया गया है।

खान मंत्रालय के सचिव केशव चंद्र ने बताया कि देश में अब तक 88 Critical और Strategic Mineral Blocks की नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है, जिनमें 56 की सफलतापूर्वक नीलामी हो चुकी है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article