शहर

Patna Metro: पटना वासियों को बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने किया मेट्रो सेवा विस्तार का उद्घाटन; अब 15 मिनट में ISBT से मलाही पकड़ी

बिहार के CM सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो की मलाही पकड़ी-खेमनीचक सेवा का उद्घाटन किया। अब ISBT से मलाही पकड़ी का सफर सिर्फ 15-16 मिनट में पूरा होगा। जानिए रूट और किराया।

Image

6.1 किमी लंबी रेड लाइन पर दौड़ेगी पटना मेट्रो

Photo : ANI

Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों उपमुख्यमंत्री के साथ पटना मेट्रो की रेड लाइन (प्राथमिक कॉरिडोर) पर मलाही पकड़ी और खेमनीचक स्टेशनों का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनते हुए मुख्यमंत्री ने टिकट के जरिए मैग्नेटिक गेट से एंट्री कर मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक का 3 किलोमीटर का सफर महज 5 मिनट में पूरा किया।

15 मिनट में तय होगी दूरी, बढ़ी मेट्रो की रफ्तार

इस सेवा विस्तार के बाद अब ISBT से मलाही पकड़ी के बीच 6.2 किलोमीटर की दूरी महज 15 से 16 मिनट में तय होगी। पहले जहां मेट्रो 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, वहीं अब मुख्य मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CMRS) की मंजूरी के बाद यह 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इस रूट पर मेट्रो प्रतिदिन 22 से 24 फेरे लगाएगी और हर 35 मिनट पर यात्रियों को ट्रेन उपलब्ध होगी। किराए की बात करें तो 0 से 3 किमी तक का किराया 15 रुपये और मलाही पकड़ी से ISBT तक का अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्टेशन

6.107 किलोमीटर लंबे इस रेड लाइन कॉरिडोर में नया विस्तार मिलने से शहर का दायरा बढ़ गया है। नवनिर्मित मलाही पकड़ी स्टेशन को बेहद आधुनिक बनाया गया है, जहां 4 प्रवेश-निकास द्वार, 4 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर लगाए गए हैं। फिलहाल अधूरी तैयारियों के कारण खेमनीचक स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं होगा। अधिकारियों के मुताबिक, खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन अक्टूबर तक पूरी तरह शुरू हो जाएगा, जहां कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 दोनों की ट्रेनें रुकेंगी। आम यात्रियों के लिए यह नई सेवा शुक्रवार से रोजाना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article