शहर

भोपाल से नोएडा के लिए सीधी उड़ान शुरू, वॉटर कैनन से हुआ स्वागत; मात्र डेढ़ घंटे में पूरा होगा सफर

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से नोएडा के लिए इंडिगो की सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। 72 सीटर एटीआर विमान के भोपाल पहुंचने पर वॉटर कैनन से भव्य स्वागत किया गया। जानिए समय और किराया।

Image

अब भोपाल नोएडा की चलेगी डायरेक्ट फ्लाइट

Photo : Times Now Digital

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली-NCR आने-जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। भोपाल से नोएडा के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी हवाई सेवा बुधवार से आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। निजी विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) द्वारा शुरू की गई इस नई उड़ान के भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने पर विमान का पारंपरिक और भव्य तरीके से 'वॉटर कैनन सैल्यूट' देकर स्वागत किया गया।

पहले दिन यात्रियों का मिला-जुला रिस्पॉन्स

उड़ान के पहले दिन यात्रियों की संख्या में मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिला। नोएडा से उड़ान भरकर करीब 41 यात्री भोपाल पहुंचे, जबकि भोपाल से नोएडा जाने के लिए महज 12 यात्रियों ने ही इस फ्लाइट से सफर किया। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस रूट पर यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होगा।

क्या है फ्लाइट का शेड्यूल?

इंडिगो इस नए रूट पर यात्रियों के लिए 72 सीटर एटीआर (ATR-72) विमान का संचालन कर रही है। कंपनी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार उड़ान का समय कुछ इस प्रकार रहेगा:

उड़ान संख्या 6E-7653: यह फ्लाइट नोएडा एयरपोर्ट से शाम 5:20 बजे रवाना होगी और शाम 6:50 बजे भोपाल पहुंचेगी।

उड़ान संख्या 6E-7654: वापसी में यह फ्लाइट शाम 7:10 बजे भोपाल से टेकऑफ करेगी और रात 9:25 बजे नोएडा पहुंचेगी।

किराया और कनेक्टिविटी का फायदा

अगर किराए की बात करें, तो इस रूट के लिए एक तरफ का हवाई किराया फिलहाल लगभग 4,600 रुपये के करीब आ रहा है। चूंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली और एनसीआर के बेहद करीब है, ऐसे में दिल्ली और उसके आस-पास जाने वाले यात्रियों के लिए यह सफर काफी किफायती और समय बचाने वाला साबित होगा। इस रूट के शुरू होने से अब भोपाल के यात्री आसानी से नोएडा पहुंचकर दिल्ली-एनसीआर से देश-विदेश के अन्य शहरों के लिए कनेक्टिंग उड़ानें ले सकेंगे। वर्तमान में दिल्ली रूट पर पहले से चल रही उड़ानों के अलावा यह सीधी सेवा यात्रियों को एक और बेहतरीन विकल्प प्रदान करेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article